
40 में से 7 गैंगस्टर्स दबोच
संभाग के चारों जिलों में दो दिन के लिए शुरू किए गए पुलिस के ऑपरेशन क्लीन गैंगस्टर्स के पहले दिन रविवार को चालीस में से सात गैंगस्टर्स को दबोचने में सफलता मिली। अभी बीकानेर पुलिस रेंज के चारों जिलों में 33 गैंगस्टर्स की पुलिस को तलाश है। पुलिस के पास सोमवार का दिन और है। पुलिस मुख्यालय ने बीकानेर रेंज को दो दिन में प्रत्येक जिले के टॉप-10 बदमाशों को पकडऩे का टारगेट दिया है। इस अभियान की अगुवाई स्वयं आइजी ओमप्रकाश कर रहे है। अभियान का पहले से प्रचार हो जाने के चलते कुख्यात अपराधी भूमिगत हो गए है। ऐसे में पुलिस ने लम्बे समय से फरार चल रहे कई वारंटियों को गिरफ्तार किया है। पहले दिन करीब 250 वारंटी पकड़े और पुलिस ने 47 वाहन जब्त किए।
सुबह से देर रात दबिश
बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिले में रविवार सुबह चार बजे से रात 11 बजे तक पुलिस टीमों ने बदमाशों के ठिकानों पर दबिश दी। साथ ही उनके छिपे होने के संभावित ठिकानों की तलाशी ली। रेंज स्तर पर आइजी और जिला स्तर पर अभियान की कमान पुलिस अधीक्षकों ने संभाली। दबिश की कार्रवाई के दौरान अधिकारी मौके पर भी गए।
रेंज में यह कार्रवाई
बीकानेर रेंज पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश ने बताया कि अभियान के पहले दिन रेंज में टॉप-10 में शामिल सात बदमाश, 16 स्थायी वारंटी, 82 गिरफ्तारी वारंट एवं एक भगौड़े को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही धारा 110 सीआरपीसी में 44, मुकदमों में वांछित 37, भादंसं की धारा 151 में 111 व्यक्तियों को पकड़ा गया। रेंज में आम्र्स एक्ट के चार, आबकारी व एनडीपीएस में 11-11 प्रकरण दर्ज किए हैं।
श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ में पकड़े हथियार
आइजी ने बताया कि श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ शहर पुलिस ने एक पिस्टल, दो मैग्जीन व पांच ङ्क्षजदा कारतूस बरामद किए। हनुमानगढ़ के संगरिया पुलिस ने एक अवैध पिस्टल, एक 12 बोर बंदूक मय कारतूस के बरामद किया है। वहीं चूरू के सांडवा थाना पुलिस ने एनडीपीएस के तहत आठ किलोग्राम अफीम बरामद की है।
हनुमानगढ़ आगे, चूरू-श्रीगंगानगर फेल
ऑपरेशन क्लीन के तहत जिले के टॉप-10 बदमाशों को पकडऩे में पहले दिन हनुमानगढ़ जिला अव्वल रहा है। हनुमानगढ़ जिला पुलिस ने टॉप-10 बदमाशों में से छह को दबोच लिया। वहीं बीकानेर पुलिस ने केवल एक बदमाश को पकड़ा। यह कोटगेट थाना क्षेत्र में सोहन कोठी के पास चार जनवरी को तेजू माली पर जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहा था। मुख्य आरोपी लोहारों की मस्जिद के पास रहने वाले साजिद पुत्र शराफत अली वारदात पर पुलिस ने दो हजार रुपए का ईनाम भी घोषित कर रखा था। पुलिस ने इसे दबोच लिया है।
एएसआइ, हवलदार और सिपाही सस्पेंड
अपराधियों से सांठ-गांठ रखने के आरोप में एक सहायक उपनिरीक्षक समेत तीन पुलिस कर्मियों को रविवार को सस्पेंड किया गया। पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश ने बताया कि नयाशहर थाने के एएसआइ ओमप्रकाश यादव व सिपाही मुकेश को अपराधियों से मिलीभगत के आरोप में सस्पेंड किया है। वहीं चुरू जिले के हवलदार संजय कुमार बसेरा को भी इन्हीं आरोपों में सस्पेंड किया है। तीनों का मुख्यालय हनुमानगढ़ पुलिस लाइन रहेगा।
Updated on:
06 Jun 2022 12:29 am
Published on:
06 Jun 2022 12:27 am
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
