27 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एमबीए व एमसीए महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू

राजस्थान मैनेजमेंट एडमिशन प्रोसेस (आरमेप-2026) एवं राजस्थान एमसीए एडमिशन प्रोसेस (आरएमसीएएपी-2026) के माध्यम से राज्य के साथ-साथ राजस्थान के बाहर के पात्र अभ्यर्थियों को भी प्रवेश का अवसर मिलेगा।
less than 1 minute read
Google source verification
इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर

इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर

इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर सहित सरकारी एवं निजी महाविद्यालयों में संचालित एमबीए एवं एमसीए पाठ्यक्रमों में केंद्रीकृत प्रवेश प्रक्रिया के तहत एडमिशन शुरू हुए। इसके तहत राजस्थान मैनेजमेंट एडमिशन प्रोसेस (आरमेप-2026) एवं राजस्थान एमसीए एडमिशन प्रोसेस (आरएमसीएएपी-2026) के माध्यम से राज्य के साथ-साथ राजस्थान के बाहर के पात्र अभ्यर्थियों को भी प्रवेश का अवसर मिलेगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन एवं पंजीकरण करना होगा। आवेदन शुल्क जमा करवाने की अंतिम तिथि 7 जुलाई तथा ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि 8 जुलाई रखी गई है। आवेदन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अभ्यर्थी 18 जुलाई तक अपनी पसंद के महाविद्यालयों एवं पाठ्यक्रमों का चयन कर विकल्प भर सकेंगे तथा उन्हें लॉक कर सकेंगे।

आरमेप-2026 के अनुसार किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक (आरक्षित वर्ग के लिए 45 प्रतिशत) के साथ स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी एमबीए में प्रवेश के लिए पात्र होंगे। प्रवेश में कैट, एक्सएटी, सीमैट, एटीएमए, मैट एवं जीमैट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रबंधन प्रवेश परीक्षाओं में योग्य अभ्यर्थियों को वरीयता दी जाएगी। आरएमसीएएपी-2026 के अनुसार किसी भी विषय में स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे, बशर्ते उन्होंने 10 2 अथवा स्नातक स्तर पर गणित विषय का अध्ययन किया हो। न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक (आरक्षित वर्ग हेतु 45 प्रतिशत) आवश्यक होंगे।
180 सीटों पर मिलेगा प्रवेश

इंजीनियरिंग कॉलेज के मैनेजमेंट विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. नवीन शर्मा ने बताया कि इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर में एमबीए की 60 तथा एमसीए की 120 सीटें प्रवेश के लिए उपलब्ध हैं। महाविद्यालय में एमबीए के तहत मानव संसाधन प्रबंधन (ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट), विपणन (मार्केटिंग), वित्त (फाइनेंस), बिजनेस एनालिटिक्स एवं उद्यमिता (एंटरप्रेन्योरशिप) विषय उपलब्ध हैं। वहीं एमसीए पाठ्यक्रम में सूचना प्रौद्योगिकी, सॉफ्टवेयर विकास एवं डिजिटल तकनीकों के क्षेत्र में करियर निर्माण का अवसर प्रदान किया जाएगा।