
बीकानेर में इस जगह तैयार होगा वेलोड्रम
राजस्थान में साइक्लिंग के उभरते गढ़ के रूप में अपनी पहचान बना चुके बीकानेर को अब ऐसी सौगात मिलने जा रही है, जो यहां के खेल परिदृश्य को नई रफ्तार दे सकती है। शहर में अंतरराष्ट्रीय मानकों का 250 मीटर लंबा साइक्लिंग वेलोड्रम बनाया जाएगा। इसके बनने से न केवल खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय अभ्यास सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी का रास्ता भी खुलेगा। खास बात यह है कि पहले यह परियोजना श्रीगंगानगर के लिए प्रस्तावित थी, लेकिन खिलाड़ियों की संख्या और संभावनाओं को देखते हुए इसे बीकानेर शिफ्ट कर दिया गया है।
बीकानेर को मिली बड़ी खेल सौगात
बीकानेर में साइक्लिंग खिलाड़ियों के लिए नया वेलोड्रम बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए टीटी कॉलेज हॉस्टल परिसर की भूमि चिन्हित की गई है। प्रस्ताव तैयार कर वित्तीय स्वीकृति के लिए भेज दिया गया है। मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू होगा। यह वेलोड्रम अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों को अत्याधुनिक ट्रैक पर अभ्यास का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही अलग से पवेलियन और खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
333 मीटर नहीं, अब होगा 250 मीटर का इंटरनेशनल ट्रैक
महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय में पहले से 333.33 मीटर का वेलोड्रम मौजूद है, लेकिन नया वेलोड्रम अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के मानकों के अनुरूप 250 मीटर लंबा होगा। इसकी लागत करीब 17 करोड़ रुपए है। ट्रैक 250 मीटर का अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होगा। खिलाड़ियों के लिए पवेलियन के सााथ ही बड़ी प्रतियोगिताओं की मेजबानी की क्षमता होगी।
300 से ज्यादा साइक्लिस्टों को मिलेगा सीधा लाभ
साइक्लिंग कोच श्रवण भांभू के अनुसार बीकानेर में वर्तमान में 300 से अधिक खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर रहे हैं। ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर लगातार पदक जीत रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर का ट्रैक मिलने से उनके प्रदर्शन में और सुधार होगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे भविष्य में बीकानेर में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित होने की संभावना भी मजबूत होगी तथा एशियाई स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी का मार्ग प्रशस्त होगा। इसके अलावा अब तक वेलोड्रम स्पर्धाओं की तैयारी के लिए खिलाड़ियों को जयपुर सहित अन्य शहरों का रुख करना पड़ता था। नया ट्रैक बनने के बाद अभ्यास के लिए बाहर जाने की मजबूरी खत्म होगी। समय और खर्च दोनों की बचत होगी, जबकि खिलाड़ियों को नियमित और बेहतर प्रशिक्षण मिल सकेगा।
श्रीगंगानगर से बीकानेर इसलिए आया प्रोजेक्ट
राज्य बजट में इस वेलोड्रम की घोषणा श्रीगंगानगर के लिए की गई थी, लेकिन खेल विभाग ने बीकानेर में साइक्लिंग खिलाड़ियों की अधिक संख्या, बेहतर खेल वातावरण और उपलब्ध संभावनाओं को देखते हुए परियोजना को यहां स्थानांतरित करने का निर्णय लिया।
खिलाड़ियों के लिए बनेगा नया हॉस्टल
सादुल स्पोर्ट्स स्कूल में हॉस्टल भी तैयार किया जाएगा। कार्य आदेश जारी हो गया है। कार्यकारी एजेंसी आरएसआरडीसी को बनाया गया है। इस पर करीब दो करोड़ की लागत आएगी। हॉस्टल में 20 कमरे तैयार होंगे। इसमें 30 खिलाड़ियों के रुकने की भी व्यवस्था की जाएगी। हॉस्टल बनने के बाद साइक्लिंग अकादमी के खिलाड़ियों को किराए के भवनों में रहने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
स्वीकृति के लिए प्रस्ताव भेजा
बीकानेर में नया साइक्लिंग वेलोड्रम और हॉस्टल बनाया जाएगा। पहले यह परियोजना श्रीगंगानगर के लिए थी, लेकिन अब बीकानेर में स्थानांतरित कर दी गई है। वेलोड्रम के लिए टीटी कॉलेज हॉस्टल की भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव वित्तीय स्वीकृति के लिए भेज दिया गया है।
सुरेंद्र हर्ष, जिला खेल अधिकारी, बीकानेर
Updated on:
04 Jul 2026 07:34 pm
Published on:
04 Jul 2026 07:34 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
