
बीकानेर में हादसे की शिकार एसयूवी कार, पत्रिका फोटो
SUV Crash Bikaner: बीकानेर शहर के उदासर फांटा स्थित सागर रोड पर शुक्रवार देररात तेज रफ्तार एक एसयूवी कार बेकाबू होकर भीषण हादसे का शिकार हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एसयूवी कार ने पहले स्कूटी सवार दो जनों को टक्कर मारी। इसके बाद कार करीब 500 से 600 फीट तक अनियंत्रित होकर लहराती हुई आगे बढ़ी और रास्ते में एक गाय को चपेट में लेने के बाद बिजली का पोल तोड़ दिया।
इसके बाद कार दो दुकानों के सामने से गुजरते हुए एक होटल के बाहर खड़ी दूसरी कार से टकरा कर रूक गई, टक्कर इतनी भीषण थी कि एसयूवी कार हवा में करीब 10 फीट उछल गई और उसके परखच्चे उड़ गए। एयरबैग खुलने के बावजूद कार सवार दो लोगों की मौत हो गई है।
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बीकानेर शहर के उदासर फांटा स्थित सागर रोड प एसयूवी कार में सवार एसयूवी सवार पूनीत व मानवेन्द्र आगे का शीशा तोड़कर बाहर जा गिरे। इनमें से एक की मौके पर ही मौत होने की आशंका जताई जा रही है, जबकि दूसरे ने भी अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। कार के एयरबैग खुलने के बावजूद दोनों युवकों की मौत हुई है। पुलिस को वाहन से एक आधार कार्ड मिला है, जिसमें इंद्रा कॉलोनी स्थित मस्जिद के पास का पता अंकित है। हादसे में स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में स्कूटी सवार को भी गंभीर चोटें आई जिसे तत्काल निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस व एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर क्षतिग्रस्त बिजली पोल को हटवाया और विद्युत आपूर्ति बहाल करवाई। मौके पर खिदमतगार खादिम सोसायटी एवं असहाय सेवा संस्थान के पदाधिकारी भी पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण एसयूवी कार की तेज रफ्तार माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है ।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया देर रात सड़क पर लोगों की आवाजाही कम थी,जिस कारण से बड़ी जनहानि टल गई। अन्यथा जिस रफ्तार से एसयूवी कार सड़क पर दौड़ती नजर आई उससे इससे भी बड़ी जनहानि होने सकती थी। फिलहाल पुलिस ने एसयूवी में सवार दोनों युवकों के शव मोर्चरी में रखवाए हैं और और मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दी है।
Updated on:
04 Jul 2026 10:31 am
Published on:
04 Jul 2026 09:20 am
