8 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चंदा उड़ाकर खुशहाली की कामना, घर-घर बना खीचड़ा-इमलाणी

हर्षोल्लास पूर्वक मनाया नगर स्थापना दिवस आकाश में छाई पतंगे, घर-घर मटकी का पूजन

3 min read
Google source verification
चंदा उड़ाकर खुशहाली की कामना, घर-घर बना खीचड़ा-इमलाणी

चंदा उड़ाकर खुशहाली की कामना, घर-घर बना खीचड़ा-इमलाणी

बीकानेर. बीकानेर नगर का स्थापना दिवस सोमवार को हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया। परम्परानुसार घर-घर में पानी की मटकियों का कुमकुम-अक्षत से पूजन कर भोजन में खीचड़ा-इलमाणी का ज्यूस बनाया गया। आखाबीज पर शहर का आकाश पतंगों से आच्छादित रहा। हर तरफ बोई काट्या के स्वर गूंजते रहे। स्थापना दिवस की रियासतकालीन परम्परा अनुसार जूनागढ़ प्रांगण सहित शहर में विभिन्न स्थानों पर चंदा उड़ाकर खुशहाली की कामना की गई। जूनागढ़ के आगे राव बीकाजी प्रतिमा स्थल पर हुए मुख्य समारोह में नगर की प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। मंगलवार को आखातीज पर भी शहर में पतंगबाजी का दौर चलेगा। कई स्थानों पर चंदा उड़ाने की रस्म होगी।

पतंगबाजी का दौर
नगर स्थापना दिवस पर पतंगबाजी हुई। आखाबीज पर चलती रही तेज हवाओं का असर पतंगबाजी भी पड़ा। हालांकि पतंगे काटने और लूटने का क्रम चलता रहा।

खुशहाली की कामना

नगर स्थापना दिवस पर घर-घर में मिट्टी से बनी पानी की नई मटकियों का पूजन कर घर-परिवार की खुशहाली की कामना की गई। घर परिवार की महिलाओं ने मध्याह्न पश्चात सामूहिक रूप से कुमकुम अक्षत से मटकियों, लोटड़ी, ढक्कनी व सर्वा का पूजन किया। वहीं परम्परानुसार घरों में गेंहू, बाजरा, मूंग से खीचड़ा तैयार किया गया। इसे इमलाणी ज्यूस व बड़ी की सब्जी के साथ भोजन में परोसा गया।

गवरा दादी पून दे टाबरियों रा चंदा उड़े

चंदा कलाकारों ने चंदा पर विभिन्न प्रकार के दोहे, संदेश लिखकर उड़ाया। जाझो ब्रिगेड व महाराजा रायसिंह ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में जूनागढ़ प्रांगण में चंदा उड़ाकर बीकानेर और देश की खुशहाली की कामना की गई। इस अवसर अनिल कुमार बोडा, कर्नल देवनाथ सिंह, माधव सिंह, दुर्गा सिंह, मनोहर सिंह, प्रहलाद सिंह, कंवर लाल चौहान, गुरुदत्त बोड़ा, अभिषेक बोड़ा, हरेन्द्र बोड़ा, चन्द्र मोहन हर्ष, इन्द्र प्रकाश, केशव, अक्षय आदि मौजूद रहे।


राजस्थानी साफा पाग पगड़ी व कला एवं संस्कृति के तत्वावधान में जूनागढ़ परिसर में भगवान गणेश व करणी माता मंदिर में चंदा पूजन कर चंदा उड़ाया गया। संस्था के कृष्ण चन्द्र पुरोहित के अनुसार मंत्रोच्चारण के बीच चंदा पूजन हुआ। जूनागढ़ के समक्ष चंदा उड़ाया गया। इस दौरान मोहित पुरोहित, आदित्य पुरोहित, अशोक बोहरा, राम भादाणी, कमल जोशी, गणेश रंगा, महेश पुरोहित, श्याम सुंदर किराडू आदि शामिल रहे। कीकाणी व्यास चौक में ब्रजेश्वर लाल व्यास व गणेश लाल व्यास के नेतृत्व में चंदा उड़ाने की परम्परा का निर्वहन किया गया। इस दौरान भंवर लाल, राहुल, पवन आदि मौजूद रहे।

मारजाओं का अभिनंदन
रमक झमक संस्थान की ओर से सोमवार को बारह गुवाड़ चौक िस्थत संस्था कार्यालय में मारजाओं का सम्मान किया गया। समारोह में बद्री मारजा, रामदेव मारजा, गिरधर मारजा व मारजाओं पर पुस्तक लिखने वाले साहित्यकार जानकीनारायण श्रीमाली का सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि संभागीय आयुक्त डॉ. नीरज कुमार पवन ने कहा कि शिक्षक अपने शिष्य को अज्ञान के अंधकार से निकालकर ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाता है। अध्यक्षता साहित्यकार शिवराज छंगाणी ने की। विशिष्ट अतिथि राजस्थानी भाषा अकादमी सचिव शरद केवलिया व प्रोफेसर भंवर भादाणी थे। संस्था अध्यक्ष प्रहलाद ओझा भैंरु के अनुसार इस अवसर पर प्रो. राजेन्द्र पुरोहित,डॉ. गिरिजाशंकर व्यास, डॉ. नितिन गोयल, डाॅ. गौरीशंकर प्रजापत, रामजी व्यास, गौरीशंकर व्यास, बीजी जोशी, शेर महाराज ने भी विचार रखे।गीतकार जुगल पुरोहित ने गीत की प्रस्तुति दी। राधे ओझा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

स्थापना दिवस मनाया

श्री क्षत्रिय परिषद की मगरासर हाऊस में नगर स्थापना दिवस मनाया गया। परिषद अध्यक्ष आनंद सिंह चौहान ने नगर संस्थापक राव बीका के जीवन पर प्रकाश डाला। महामंत्री राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने विचार प्रकट किए। राव बीकाजी संस्थान के पूर्व अध्यक्ष करणीदान सिंह भाटी को श्रद्धाजंलि दी गई। क्षत्रिय परिषद के पदाधिकारियों ने राव बीका की प्रतिमा स्थल पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किए। इस अवसर पर रविन्द्र सिंह राठौड़, रघुनन्दन सिंह, कुंवर सुरेन्द्र सिंह राठौड़, लक्ष्मण सिंह राठौड़ आदि उपिस्थत रहे।