22 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

निकाय चुनाव- नेता सक्रिय, गुप्त सर्वे से तय होंगे उम्मीदवार

bikaner news- नगर निगम चुनावों के लिए वार्डों के आरक्षण की लॉटरी निकलने के बाद दोनों प्रमुख राजनीतिक पार्टियों में चुनावी सरगर्मिया बढ़ गई हैं।

2 min read
Google source verification
bikaner nagar nigam election 2019

निकाय चुनाव- नेता सक्रिय, गुप्त सर्वे से तय होंगे उम्मीदवार

बीकानेर. नगर निगम (bikaner nagar nigam) चुनावों के लिए वार्डों के आरक्षण की लॉटरी निकलने के बाद दोनों प्रमुख राजनीतिक पार्टियों में चुनावी सरगर्मिया बढ़ गई हैं। उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया को लेकर दोनों प्रमुख पार्टियों ने प्रारम्भिक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। भाजपा ने संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान निकाय चुनावों पर चर्चा कर चुनावी तैयारियों का आगाज कर दिया है। हालांकि निकाय चुनाव के लिए पार्टी अलग से गाइडलाइन भी जारी करेगी। वहीं कांग्रेस उम्मीदवारों का चयन दो स्तरों पर सर्वे और आवेदन की प्रक्रिया के माध्यम से करेगी।

शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष यशपाल गहलोत ने बताया कि निगम चुनावों के लिए उम्मीदवारों के चयन को लेकर दो स्तर पर सर्वे कर जिताऊ उम्मीदवारों का वार्ड अनुसार पैनल तैयार किया जाएगा। एक सर्वे गुप्त होगा। वहीं उम्मीदवारों से आवेदन भी लिए जाएंगे। प्रदेश नेतृत्व और स्थानीय नेताओं व संगठन पदाधिकारियों की चर्चा के बाद उम्मीदवारों की अंतिम सूची बनाई जाएगी।

हर वार्ड में होगा सर्वे
कांग्रेस प्रत्येक वार्ड से सर्वे के आधार पर संभावित प्रत्याशियों के तीन नामों का पैनल तैयार करेगी। सर्वे कार्य एक अक्टूबर से शुरू होगा, जो संगठन से जुडे़ लोग ही करेंगे। पारदर्शिता और वास्तविक रिपोर्ट बने, इसके लिए हर वार्ड में दो-दो संगठन से जुडे़ लोगों को भेजा जाएगा। दूसरे सर्वे में एक-एक व्यक्ति को भेजकर सर्वे कराया जाएगा। दोनों सर्वे व आवेदन से प्राप्त नामों पर मंथन के बाद प्रत्याशी तय किया जाएगा।

चाय-पान के ठेलों से पाटों तक चर्चा
वार्डो के आरक्षण को लेकर निकाली लॉटरी की चर्चा गुरुवार को शहर में हर तरफ रही। चाय-पान की दुकानों से लेकर सरकारी कार्यालयों, गली-मोहल्लों और पाटों तक पर लोग चर्चा करते दिखे। वही महापौर को लेकर अब निकलने वाली लॉटरी पर भी चर्चा शुरू हो गई है।


सक्रिय सदस्यों को प्राथमिकता
भारतीय जनता पार्टी बूथ स्तर पर काम करने वाले और सक्रिय सदस्यों को टिकट के लिए प्राथमिकता देने का मानस बना रही है। शहर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य ने बताया कि निगम चुनावों को लेकर संगठन महामंत्री की मौजूदगी में प्रारम्भिक स्तर पर चर्चा हो चुकी है। उम्मीदवारों के चयन में सक्रिय सदस्यों को प्राथमिकता दी जा सकती है।

उन्होंने बताया कि पार्टी गाइडलाइन के अनुसार ही उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। महामंत्री मोहन सुराणा ने बताया कि संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर बता चुके हैं कि निकाय चुनावों में विशेष भूमिका संगठन की रहेगी। सांसद, विधायक और संगठन से जुडे़ लोगों की राय और पार्टी की ओर से तय निर्देशों के तहत ही उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।