
17 लाख के खरीदे गमले,अब खपाने की तैयारी
नाली के एक पतरे और सीवर मैनहॉल के ढक्कन को लगाने में वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति सहित कोटेशन आदि की बात कहने वाले निगम प्रशासन ने 17 लाख रुपए के गमलों की खरीद बिना जरूरत कर ली। सौन्दर्यकरण के नाम पर खरीदे गए यह गमले अप्रेल से अब तक निगम के भण्डार कक्ष में पड़े है। इन गमलों को अब खपाने की बुधवार को तैयारी शुरू हो गई है। एक दर्जन से अधिक गमले निगम मुख्य कार्यालय कक्ष में लगाए गए हैं। आने वाले दिनों में खरीदे गए गमलों को मुख्य कार्यालय सहित, दीन दयाल सर्कल कार्यालय, गंगाशहर कार्यालय, निगम क्षेत्राधिकार के पार्कों आदि में लगाए जाएंगे।
35 लाख का टेण्डर
निगम ने मार्च 2023 में गमलों की खरीद के लिए 35 लाख रुपए का टेण्डर जारी किया। एक फर्म ने इसमें भाग लिया। फर्म की ओर से अप्रेल में गमलों की प्रथम सप्लाई करीब 20 लाख रुपए की गई। फर्म को भुगतान करने की बात कही जा रही है।
खरीद पर सवाल
निगम की ओर से खरीदे गए लाखों रुपए के गमलों की खरीद पर सवाल उठ रहे हैं। निगम को इतनी बड़ी राशि के गमलों को खरीदने की जरूरत किसलिए पड़ी। निगम अधिकारी-कर्मचारी इस खरीद पर खुलकर बोलने से बच रहे हैं। गमलों की खरीद में नियमों की अनदेखी की बात कही जा रही है।
कलात्मक व धातुओं से बने
गमले लकड़ी, सिरेमिक्स, मेटल और प्लास्टिक से बने हैं। इनकी संख्या करीब दो हजार है। इनमें कई ऐसे गमले है, जो फाइव स्टार होटलों, हैरिटेज स्थानों पर नजर आते है। कई गमले बड़े आकार के हैं, जिनको सार्वजनिक स्थानों पर नहीं लगाया जा सकता है।
Published on:
08 Jun 2023 08:18 pm
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
