बीकानेर

औद्योगिक पिछड़ापन हो दूर, रेल फाटक न बने केवल चुनावी मुद्दा

बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल सभागार में जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने आमजन की समस्याओं को रखते हुए समस्याओं के समाधान में शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता पर भी नाराजगी व्यक्त की।

2 min read
Nov 02, 2023
औद्योगिक पिछड़ापन हो दूर, रेल फाटक न बने केवल चुनावी मुद्दा

राजस्थान पत्रिका की ओर से बुधवार को बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल सभागार में जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने आमजन की समस्याओं को रखते हुए समस्याओं के समाधान में शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता पर भी नाराजगी व्यक्त की। कार्यक्रम में शामिल शहरवासियों ने न केवल बेबाक तरीके से आमजन की जनसमस्याओं को मुखरित ढंग से रखा बल्कि शहर के विकास के लिए आवश्यक कार्यों को भी सिलसिलेवार रखा। कार्यक्रम में व्यापार एवं उद्योग, समाजसेवा, पर्यटन, निजी क्षेत्र सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुडे़ लोगों ने भाग लिया। संवाद कार्यक्रम में कन्हैया लाल बोथरा, नरपत सेठिया, शांति लाल कोचर, महावीर सिंह चारण, आदर्श शर्मा, मालू सिंह भाटी, जतिन यादव, श्याम तंवर, अनिल शर्मा आदि ने सुझाव रखे।

ये सुझाव आए सामने

- केईएम रोड की बदहाल व्यवस्था में हो सुधार।

- कोटगेट- सांखला रेल फाटक समस्या केवल चुनावी मुद्दा न बने।- बार-बार रेल फाटक बंद होने की समस्या से मिले निजात।

- पीबीएम अस्पताल की व्यवस्थाओं में हो सुधार।- हैरिटेज रुट की दशा में हो सुधार।

- पर्यटन क्षेत्रों का हो विकास।- नगर निगम सेवाओं की हो प्रभावी मॉनिटरिंग।

- बीकानेर के औद्योगिक विकास के लिए बने प्रभावी योजना।- देश के महानगरों के लिए हो नियमित हवाई सेवा।

- मुख्य मार्गों पर से हटे अतिक्रमण।

केईएम रोड की सुधरे व्यवस्था

केईएम रोड शहर का ह्दय स्थल है। यहां से आमजन का निकलना दूभर बना हुआ है। वाहनों की जब्ती में जयादती हो रही है। फुटपाथ पर दर्जनों दुकानें लगी है। इससे यातायात बाधित हो रहा है।

जतिन यादव, दुकानदार

औद्योगिक पिछड़ापन दूर हो

बीकानेर का औद्योगिक पिछड़ापन दूर होना जरुरी है। केन्द्र व राज्य सरकार आगामी दस साल के लिए 100 किमी तक सभी प्रकार के टैक्स माफ होने चाहिए। सौर ऊर्जा से विकास के लिए विशेष प्रयास जरुरी है।

कन्हैया लाल बोथरा, व्यवसायी

ग्रीन एवं क्लीन सिटी का सपना हो सच

बीकानेर को ग्रीन एवं क्लीन सिटी बनाने के लिए विशेष प्रयासों की जरुरत है। नगर निगम सेवाओं में प्रभावी मॉनिटरिंग की जरुरत है। पीबीएम की व्यवस्थाओं में सुधार की जरुरत है।

आदर्श शर्मा, समाजसेवी

पर्यटन विकास को मिले बढ़ावा

बीकानेर में पर्यटन विकास की अधिक संभावनाएं है। पर्यटन केन्द्रो, हैरिटेज रुट आदि का विकास होने से पर्यटक अधिक आकर्षित होंगे व इसका लाभ बीकानेर को मिलेगा।

मालू सिंह भाटी, पर्यटन व्यवसायी

फाटकों से मिले निजात

रेल फाटकों की समस्या दशकों से है। शहरवासी रोज घंटो परेशान होते है। इसका स्थाई समाधान जरुरी है। जनप्रतिनिधि आमजन की समस्याओं को समझ़े, समाधान के लिए अधिक प्रयास करें।

शांति लाल कोचर, व्यवसायी

जनप्रतिनिधि बने संवेदनशील

जनसमस्याओं के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों का संवेदनशील होना जरुरी है। जनता की पीड़ा को समझे, जनता से चर्चा करें,प्रशासन से बात करे और समस्याओं का समाधान करवाने में तत्परता बरते।

नरपत सेठिया, व्यवसायी

बेसहारा पशुओं से मिले निजात

सड़कों पर पशुओं की भरमार है। आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। पशुओं को पकड़कर गोशाला में भेजना जरुरी है। सीवरेज जाम की समस्या से भी लोग परेशान होते रहते है।

अनिल शर्मा, शहरवासी

Published on:
02 Nov 2023 07:47 pm
Also Read
View All

अगली खबर