बीकानेर

निगम ने दिखाई आंख,कार्यादेश किया स्थगित तो न्यास ने सीवरेज कार्य की जमा करवाई राशि

रानी बाजार आरयूबी के पास सीवर लाइन शिफ्टिंग का कार्य 89.31 लाख रुपएकी लागत से होना है यह कार्य

2 min read
Mar 19, 2023
निगम ने दिखाई आंख,कार्यादेश किया स्थगित तो न्यास ने सीवरेज कार्य की जमा करवाई राशि

रानी बाजार रेल फाटक पर आरयूबी निर्माण का कार्य चल रहा है। रेल फाटक से रानीबाजार की ओर आरयूबी निकासी स्थल पर सीवर लाइन व चैंबर को शिफ्ट किया जाना है। इस कार्य पर खर्च होने वाली राशि नगर विकास न्यास वहन कर रहा है, जबकि निविदा प्रक्रिया नगर निगम के माध्यम से संपन्न हुई है। यहां 89 लाख 30 हजार 834 रुपए की राशि से कार्य पूरा होना है।निविदा प्रक्रिया पूरी होने तक इस कार्य की राशि निगम के पास नहीं आने पर निगम ने एक बार जारी कार्यादेश को स्थगित कर दिया। न्यास की ओर से राशि निगम को दिए जाने के बाद अब निगम ने कार्यादेश को पुन: बहाल कर दिया है।

कार्यादेश किया स्थगित

सीवर लाइन शिफि्टंग कार्य के लिए राशि प्राप्त नहीं होने पर निगम ने न्यास को आंख दिखाई। कार्यादेश जारी होने के बाद भी निगम ने एक बार कार्यादेश को स्थगित कर दिया। इससे न्यास में हलचल बढ़ गई। न्यास ने तुरत-फुरत में इस राशि को निगम खाते में जमा करवाई। इसके बाद ही निगम ने कार्यादेश को पुन: बहाल किया।

राशि को लेकर खटास

निगम और न्यास में राशि को लेकर खटास बना हुआ है। निगम बार-बार न्यास से बेची गई जमीनों के बदले दी जाने वाली 15 प्रतिशत राशि का तकादा करता रहा है, लेकिन राशि प्राप्त नहीं हो रही है। पूर्व की बकाया राशि प्राप्त नहीं होने पर निगम को सीवर लाइन शिफि्ंटग राशि के भी अटकने व प्राप्त नहीं होने का अंदेशा बना रहा। इस कार्य की राशि जल्द प्राप्त हो, इसके लिए निगम ने कार्यादेश को ही स्थगित कर दिया।

आयुक्त ने कार्यादेश किया स्थगित

निगम आयुक्त गोपालराम बिरदा ने सीवर लाइन शिफ्ट करने के कार्य के लिए पूर्व में जारी कार्यादेश को राशि प्राप्त होने तक स्थगित करने का आदेश 15 मार्च को दिया। बताया जा रहा है कि उसके अगले ही दिन न्यास ने राशि निगम में जमा करवा दी। निगम एक्सईएन राजीव गुप्ता ने इस कार्य के लिए राशि 89 लाख 30 हजार 834 रुपए नगर विकास की ओर से निगम में जमा करवाए जाने और कार्यादेश को यथावत रखते हुए स्थगित करने के आदेश को प्रत्याहारित करने की टिप्पणी अंकित की।

120 मीटर लंबी, 20 फीट गहरी

निगम सहायक अभियंता संजय ठोलिया के अनुसार आरयूबी के पास शिफ्ट होने वाली सीवर लाइन की लंबाई लगभग 120 मीटर है। इसकी गहराई 20 फीट है। कार्य प्रारंभ हो गया है। यह कार्य चार महीने में पूरा होना है।

Published on:
19 Mar 2023 09:09 pm
Also Read
View All

अगली खबर