16 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

PICS: बीकानेर में भीषण सड़क हादसा, बस-ट्रक के बीच ज़बरदस्त भिड़ंत में 12 लोगों की मौत, घटनास्थल पर मची चीख पुकार

Bus Truck Collision in Bikaner Rajasthan 10 died: राजस्थान के बीकानेर में 24 घंटे के दरम्यान दो अलग-अलग सड़क हादसों में 15 लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा रविवार को तब हुआ जब एक कार सड़क किनारे बैठे लोगों को रौंदते हुए निकल गई। हादसे में चार लोग मारे गए। जबकि दूसरा दर्दनाक हादसा सोमवार की सुबह हुआ जब सवारियों से भरी एक बस और ट्रक के बीच ज़बरदस्त भिड़ंत हो गई। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हुई है।

3 min read
Google source verification
Bus Truck Collision in Bikaner Rajasthan 10 died

सैरुणा, बीकानेर।

जयपुर राजमार्ग पर जोधासर-झंझेऊ गांव के पास सोमवार अलसुबह तेज रफ्तार बस और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद बस और ट्रक में आग लग गई। इससे 12 लोगों की मौत हो गई। बस में सवार 15 लोग गंभीर घायल हुए हैं, जिनका पीबीएम अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं हादसे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दुख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री सहायता कोष से मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपए, गंभीर घायलों को 20-20 और सामान्य घायलों को ढाई-ढाई हजार रुपए देने की घोषणा की गई है।


अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुनील कुमार ने बताया कि राजस्थान लोक परिवहन बस बीकानेर से जयपुर जा रही थी। बस सुबह बीकानेर से जयपुर के लिए रवाना हुई थी। सैरुणा थाना क्षेत्र के जोधासर-झंझेऊं गांव के पास बस सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ गई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि बस एक साइड से पूरी चकनाचूर हो गई। हादसे के बाद बस सड़क किनारे रेत में धंस गई वहीं ट्रक पलट गया। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई, जिससे ट्रक चालक उसमें जिंदा जल गया। हादसे में 12 लोगों की मौत हुई है जबकि 14 लोग घायल है, जिनका पीबीएम अस्पताल में उपचार चल रहा है।


यह है मृतक
एएसपी के मुताबिक सीकर के फतेहपुर निवासी ओमसिंह (21), नापासर थाना क्षेत्र के रायसर निवासी भैरुंसिंह पुत्र फतेहसिंह राजपूत, पुलिस लाइन निवासी अरुण कुमार पुत्र बीरबलसिंह, बीकानेर के बागड़ी मोहल्ला हाल छतीसगढ़ निवासी ललित पुत्र स्व. शिवप्रकाश, गंगाशहर सुजानदेसर रोड़ निवासी माया कंवर (50) पत्नी प्रभूसिंह, अनता कंवर (40) पत्नी अर्जुनसिंह, अलवर के थानागाजी के गुर्जरों का वुकुवाली निवासी राजू पुत्र सियाराम मीणा, बज्जू के भलूरी चार एमएम निवासी यासीन खां (50) पुत्र गुलाम खां, राजलदेसर निवासी नवेदिता पुत्री बंशीधर, काजल पुत्री बंशीधर एवं ट्रक चालक कोलायत के रणधीसर निवासी धन्नेसिंह (30) पुत्र दीपसिंह एवं चारणवाला निवासी कोजू खां (23) पुत्र फैजू खां की मौत हो गई। शवों को पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। बाद में परिजनों के पहुंचने पर शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

यह हुए घायल
बीकानेर निवासी संजय पुत्र नारायणराम,रामजी, लालगढ़ निवासी उमेश पुत्र ओमप्रकाश मीणा, सादुलगंज निवासी रामलाल पुत्र धोखलराम, बरसलपुर निवासी यासीन खां, पूगल निवासी रजाक अली पुत्र लियाकत अली एवं शाहरुख खान पुत्र रजाक अली, सीकर के रानोली निवासी भंवरलाल पुत्र भगवानाराम, सीकर निवासी प्रद्युमन्नसिंह, पीलीबंगा निवासी पवन पुत्र बहादुरराम, राजलदेसर निवासी धर्मेन्द्र पुत्र लालचंद, प्रेक्षा पुत्री देवकिसन, अंजली पुत्री बंशीधर, मंजू बाई पत्नी शिवप्रकासाद, मंजू मिश्रा घायल हुई हैं।


यह पहुंचे घटनास्थल पर
हादसे की सूचना पर पुलिस अधीक्षक प्रदीप मोहन शर्मा पहले पीबीएम और वहां से सीधे घटनास्थल पहुंचे। एसपी ने बचाव राहत कार्यों अपनी मौजूदगी में कराया। वहीं इससे पहले श्रीडूंगरगढ़ सीओ प्रवीण सूंडा, श्रीडूंगरगढ़ उपखंड अधिकारी, श्रीडूंगरगढ थानाधिकारी सत्यनारायण व सैरुणा एसएचओ गुलाम नबी पुलिस बल के साथ बचाव कार्य में जुटे रहे।

हादसा बेहद दुखदाई है। 12 की मौत हो चुकी है, तीन की हालत चिंताजनक है। थोड़ी-सी लापरवाही ने 12 जिंदगियों को मौत की नींद सुला दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब ओवरलोड वाहन और निर्धारित गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में जिले के समस्त प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की बैठक बुलाई गई है।
प्रदीप मोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक

हादसे की जांच के आदेश दिए गए हैं। हादसे में मरने वालों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से एक-एक लाख रुपए और गंभीर घायलों को 20-20 हजार रुपए की आर्थिक मुहैया कराई जाएगी। पुलिस व परिवहन विभाग को ओवरलोड व तेज रफ्तार से चलने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
कुमार पाल गौतम, जिला कलक्टर