
शहर को पूरी तरह साफ रखने के लिए जनसाधारण की पूरी भागीदारी जरूरी है। इसके बिना शहर के पूर्ण रूप से स्वच्छ रहने की कल्पना संभव नहीं है। हालांकि शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए संबंधित विभाग उपलब्ध साधन-संसाधनों से कार्य पूरे करने का प्रयास करता है, लेकिन शहर के हर नागरिक को शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग और सहभागिता निभानी होगी।
शहर के कई सेवाभावी लोगों ने शहर को साफ-सुथरा बनाने का बीड़ा उठाया है। उन्होंने आमजन को प्रेरित करते हुए उनका स्वच्छता के प्रति नजरिया बदला है और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर स्वच्छता की मुहिम जुटे हैं। शहर सबसे सुन्दर लगे, इसको लेकर भी कार्य कर रहे हैं, लेकिन अन्य लोगों को यहां-वहां कचरा व गंदगी डाल इनकी मेहनत पर पानी फेरने से बचना होगा।
आठ और ई-रिक्शा लगाएंगे
उपनगरीय क्षेत्र गंगाशहर-भीनासर में शुरू हुई घर-घर कचरा संग्रहण की सुविधा क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाने में अहम भूमिका निभा रही है। मस्त मंडल सेवा संस्था और रोटरी मिडटाउन के प्रयासों से 21 टैक्सियों के माध्यम से कचर संग्रहण किया जा रहा है। इससे क्षेत्र की तस्वीर ही बदल गई है।
नगर विकास न्यास के अध्यक्ष व मस्त मंडल से जुड़े महावीर रांका बताते हैं कि घर-घर कचरा संग्रहण कार्य में आमजन तथा संस्थाओं का पूरा सहयोग मिल रहा है। 2 अक्टूबर से 8 और ई-रिक्शा कचरा संग्रहण कार्य में लगाए जाएंगे। गंगाशहर क्षेत्र में कचरा पात्र भी दिए गए हैं, ताकि लोग सड़कों पर कचरा न डालकर कचरा पात्र में ही डालें।
हर रविवार दो घण्टे स्वच्छता के लिए
कहते हैं मन में कुछ करने का संकल्प हो तो साधन-संसाधन व सरकारी मदद मायने नहीं रखती है। ऐसा ही कर दिखाया है सीए सुधीश शर्मा ने। शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए दृढ़प्रतिज्ञ होकर कुछ सेवाभावी लोगों को साथ लेकर हर रविवार को दो घण्टे शुरू किया गया स्वच्छता का कार्य मिसाल बन गया है। अवर फॉर नेशन ग्रुप के माध्यम से सुधीश शर्मा सरकारी मदद के बिना शहर को साफ-सुथरा बनाने की मुहिम में जुटे हुए हैं।
इस कार्य में शहर के चिकित्सक, उद्योगपति, रेलवे और प्रशासन के अधिकारियों सहित इंजीनियर, सीए, महिलाएं तथा बच्चे, सरकारी कर्मचारी और आमजन जुड़े हुए हैं।पिछले डेढ़ वर्ष से यह कार्य चल रहा है। ग्रुप के सदस्य घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश देते हैं व सफाई के फायदे बताते हैं। साथ ही गंदगी से होने वाली बीमारियों की जानकारी देते हैं।
पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का दे रहे संदेश
स्वच्छता प्रहरी संस्थान के मोहर सिंह यादव ने शहर में स्वच्छता की अलख जगाई है। घर-घर से कचरा संग्रहण के कार्य के साथ आमजन को स्वच्छता के लिए प्रेरित करने, पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण व स्कूली विद्यार्थियों को भी स्वच्छता का संदेश देकर शहर को स्वच्छ बनाने में जुटे हुए हैं।
यादव ने बताया कि अक्टूबर-2015 से शुरू किया गया स्वच्छता का कार्य शहर तक सीमित नहीं है, संस्थान की ओर से मोमासर, जसवन्तगढ, लाडनंू आदि जगह भी स्वच्छता तथा घर-घर कचरा संग्रहण की मुहिम को मूर्त रूप दिया है। संस्थान की ओर से रोजाना टैक्सियों से घर-घर से कचरा एकत्र किया जा रहा है। संस्थान लोगों को जागरूक भी कर रहा है। संस्थान से अब बड़ी संख्या में लोग जुड़े हुए हैं।
देश सेवा की भावना से जुटे सफाई के कार्य में
भारतीय वायु सेना में विंग कमाण्डर लेफ्टिनेंट पद पर रहे लक्ष्मीनारायण वर्मा आज भी देश सेवा की भावना से स्वच्छता कार्य में जुटे हैं। वे रोजाना सुबह 4 से 6 बजे तक जयनारायण व्यास कॉलोनी क्षेत्र की विभिन्न गलियों, सड़कों पर बिखरे पड़े पॉलीथिन, डिस्पोजल ग्लासो, कागज, गुटखों के पाउच सहित अन्य कचरे को एकत्र करने का कार्य करते है। वे इस कार्य किसी का सहयोग नहीं लेते हैं।
वर्मा कहते हैं कि यह देश सेवा का कार्य है। हर व्यक्ति को इसे खुशी-खुशी करना चाहिए। जीवन में स्वच्छता को अनिवार्य मानने वाले वर्मा ने कहा कि सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद दस से अधिक वर्षों से यह कार्य कर रहे हैं। क्षेत्र के लोग भी उनके काम को सराहते हैं।
Published on:
28 Sept 2017 12:03 pm
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
