बीकानेर

करणी माता के जन्मोत्सव पर निकाली शोभायात्रा

deshnok karni mata- मां करणी के जन्मोत्सव पर शनिवार को नवरात्र की सप्तमी पर शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा करणीमाता मन्दिर से शुरू होकर कस्बे के पुलिस थाना, नगरपालिका, जैन जवाहर मंडल मुख्य मार्गो से होते हुए गाजे-बाजे व जयकारों के साथ तेमड़ाराय मन्दिर पहुंची।

2 min read
Oct 06, 2019
करणी माता के जन्मोत्सव पर निकाली शोभायात्रा

देशनोक. मां करणी के जन्मोत्सव पर शनिवार को नवरात्र की सप्तमी पर शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा करणीमाता मन्दिर से शुरू होकर कस्बे के पुलिस थाना, नगरपालिका, जैन जवाहर मंडल मुख्य मार्गो से होते हुए गाजे-बाजे व जयकारों के साथ तेमड़ाराय मन्दिर पहुंची। यात्रा मार्ग में जगह-जगह शोभायात्रा का पुष्पवर्षा, गुलाबजल व गुलाल से स्वागत किया गया। शोभायात्रा में श्रद्धालु करणी माता के भजन गाते चल रहे थे। इसमें देश-प्रदेश से आए हज़ारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।


मां करणी के गगनभेदी जयकारों से करणीधाम देशनोक करणीमय हो गया। शोभायात्रा की झांकी के ऊपर चील रूप मां करणी का स्वरूप 'सांवलीÓ के दर्शन से करणी भक्तों का उत्साह देखते ही बनता था। शोभायात्रा में सांवली के दर्शन अति शुभ माने जाते है। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिहाज से पुलिस जाप्ता तैनात किया गया।
सींथल. कस्बे में करणी माता के नवरात्र की सप्तमी के अवसर पर करणी माता की शोभायात्रा निकली जो गाजे-बाजे के साथ करणी माता के मंदिर से रवाना होकर लूणोजी दादोजी के मन्दिर व मुख्य बजार से होते हुए तेमडाराय के मंदिर पहुंची।

रास्ते में जगह-जगह पुष्प वर्षा व गुलाल से स्वागत किया गया तथा जोत के दर्शन के बाद भक्तो ने प्रसाद ग्रहण किया। सावली चील को देखकर भक्तों ने जयकारे लगाए। शोभा यात्रा को देखने के लिए आस-पास के गांव के लोग भी पहुंचे।

131 मीटर चूनरी से माता का शृंगार
कालू. स्थानीय कालिका देवी मंदिर में शनिवार को नवरात्र महोत्सव परवान पर रहा। सुबह भैंरूजी बास से प्रभात फेरी निकाली गई जो ढोल नगाड़ों के साथ मंदिर पहुंची। शनिवार को कालू नागरिक परिषद सूरत क्षेत्र की ओर से 131 मीटर लम्बी चूनरी से माता का शृंगार कर मंगल की कामना की गई। चूनरी को लेकर कस्बे में शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा में चूनरी लेकर भक्त नाचते व माता के जयकारे के साथ चल रहे थे।

शोभा यात्रा जहां से भी गुजरी लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। मंदिर में विशेष पूजा अर्चना के साथ चूनरी से माता का शृंगार किया गया। सेरूणा से पदयात्रियों का जत्था भी माता के जयकारे के साथ कालू पहुंचा तथा धोक लगाकर पूजा अर्चना की। मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगा रहा। शुक्रवार रात जागरण हुआ। दुर्गाष्टमी पर रविवार को कस्बे में कन्या पूजन एवं भण्डारा होगा।

Published on:
06 Oct 2019 01:06 pm
Also Read
View All

अगली खबर