
पीबीएम में सवा करोड़ की लागत से बनेगा उप ड्रग वेयरहाउस
स्थान चयनित : फ्लूड रखने में होगी आसानी, पीडब्ल्यूडी के मार्फत होगा काम
बीकानेर. एसपी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध पीबीएम अस्पताल में सब ड्रग वेयर हाउस बनेगा। सरकार ने इसके लिए मंजूरी दे दी है। करीब सवा करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस वेयर हाउस में विभिन्न प्रकार के फ्लूड रखे जाएंगे।
ड्रग वेयर हाउस प्रभारी डॉ. गौरीशंकर जोशी ने बताया कि पीबीएम में जिरियाट्रिक अस्पताल के पीछे ड्रग वेयर हाउस है। वहां जगह की कमी से दवाइयों और फ्लूड को साथ रखने में दिक्कत हो रही है। पूर्व में सब ड्रग वेयर हाउस के लिए प्रस्ताव भेजे थे, जिन्हें सरकार ने मंजूर कर लिया। इसके लिए एक करोड़ २० लाख रुपए का बजट स्वीकृत किया है।
इन फ्लूड का रहेगा स्टॉक
डॉ. गौरी के मुताबिक आइवीएन, एनएस, आरएल, जीएनएस, डी-५, डी-१० और डी-२५्र आदि फ्लूड रखे जाएंगे। इसे सब ड्रग वेयर हाउस से सभी वार्डों, ऑपरेशन थियेटर, आइसीयू, सेमी आइसीयू व पोस्ट ऑपरेटिव वार्डों में सप्लाई किया जाएगा।
५० गुणा १८० का बनेगा हॉल
यह वेयर हाउस करीब ५० गुणा १८० फीट का बनाया जाएगा। इसके लिए पीडब्ल्यूडी से नक्शा भी बनवा लिया गया है। इसमें केवन फ्लूड ही रखे जाएंगे। सब-ड्रग वेयर हाउस में जरूरत के हिसाब से वातानुकूलित उपकरण व अन्य संसाधन मुहैया कराए जाएंगे।
इसलिए पड़ रही जरूरत
पीबीएम अस्पताल में हर माह फ्लूड की डेढ़ लाख से अधिक बोतलों की खपत होती है। कई बार इससे भी अधिक फ्लूड उपयोग में लिया जाता है। फ्लूड को वार्डों में रखा जाता है। इससे पहले जयपुर से आपूर्ति होने पर इसे ड्रग वेयर हाउस में रखवाया जाता है। बाद में जरूरत के हिसाब से वार्डों, आपातकालीन व ऑपरेशन थियेटरों में सप्लाई कर दिया जाता है। इसके बावजूद बड़ी मात्रा में फ्लूड का स्टॉक रहता है। इस कारण कई बोतलें उठा-पटक में खराब हो जाती हैं। इसलिए फ्लूड के लिए अलग ही हॉल बनवाया जा रहा है।
पीबीएम एक नजर
हर माह मरीज भर्ती ३०००
हर दिन फ्लूड की खपत ५००० बोतल
वर्तमान में स्टॉक ४.५० लाख बोतल
दवाओं की स्थिति
कुल दवाइयां ६३३
सूचर ६२
सर्जिकल उपकरण ८१
उपलब्ध दवाइयां ४९०
जांच में भेजी दवाइयां ७९
जल्द शुरू होगा निर्माण
पीबीएम में नया उप ड्रग वेयर हाउस बनवाया जा रहा है। इसकी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। पीडब्ल्यूडी से नक्शा बनवा लिया है। इसका निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा। वेयर हाउस पर करीब एक करोड़ २० लाख रुपए खर्च होंगे।
डॉ. मोहम्मद सलीम, अधीक्षक, पीबीएम अस्पताल
Published on:
19 Jun 2020 06:30 pm
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
