scriptपूर्व सीएम राजे दो दिन बीकानेर में, सियासी हलचल तेज | Former CM Raje In Bikaner For Two Days, Political Stir Intensifies | Patrika News
बीकानेर

पूर्व सीएम राजे दो दिन बीकानेर में, सियासी हलचल तेज

भाजपा प्रदेश संगठन की ओर से शनिवार देर शाम तक राजे के दौरे को लेकर जिला संगठनों के पास कोई निर्देश नहीं पहुंचे। पूर्व सीएम के ऑफिस से उनके पास दौरे का विस्तृत विवरण पहुंच गया है।

बीकानेरOct 09, 2022 / 02:27 am

Brijesh Singh

पूर्व सीएम राजे दो दिन बीकानेर में, सियासी हलचल तेज

पूर्व सीएम राजे दो दिन बीकानेर में, सियासी हलचल तेज

बीकानेर. पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे रविवार और सोमवार को बीकानेर दौरे पर रहेंगी। भाजपा प्रदेश संगठन की ओर से शनिवार देर शाम तक राजे के दौरे को लेकर जिला संगठनों के पास कोई निर्देश नहीं पहुंचे। पूर्व सीएम के ऑफिस से उनके पास दौरे का विस्तृत विवरण पहुंच गया है। राजे पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। इस नाते भाजपा जिला संगठन उनका स्वागत करेगा। पूर्व सीएम राजे देशनोक, मुकाम जाने के बाद रविवार शाम बीकानेर शहर में पहुंचेंगी। तीनों जगह कार्यकर्ताओं से संवाद सभा में पूर्व मुख्यमंत्री रूबरू होंगी। उनके स्वागत के लिए बीकानेर और कस्बों में स्थानीय भाजपा नेताओं ने होर्डिंग लगाए हैं। बीकानेर में जूनागढ़ के सामने तैयार किए गए से पूर्व मुख्यमंत्री राजे अपने समर्थकों को संबोधित करेंगी। दौरे की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शनिवार को वसुंधरा राजे के पुत्र सांसद दुष्यंत सिंह मुकाम, देशनोक होते हुए बीकानेर पहुंंचे।

दो घंटे देशनोक रहेंगी राजे

पूर्व सीएम राजे निजी हेलीकॉप्टर से सुबह 11 बजे देशनोक हेलीपैड पर उतरेंगी। यहां करणी माता मंदिर में पूजा, दर्शन करेंगी। यहां पर दो घंटे रुकने का कार्यक्रम है। इस दौरान कार्यकर्ताओं से संवाद भी करेंगी।

ढाई घंटे मुकाम में

दोपहर 1 बजे देशनोक से हेलीकॉप्टर से मुकाम के लिए रवाना होंगी। वहां जाम्भोजी मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगी। यहां ढाई घंटे रुकने का कार्यक्रम है। इस दौरान राजे समर्थकों का स्वागत-संवाद कार्यक्रम है।

रात्रि विश्राम बीकानेर

हेलीकॉप्टर से राजे बीकानेर में शाम 4 बजे पहुंचते ही सीधे जूनागढ़ जाएंगी। यहां पर गढ़ गणेश मंदिर में पूजा अर्चना और दर्शन करेंगी। इसके बाद जूनागढ़ के बाहर बने मंच पर राजे समर्थक स्वागत करेंगे। रात्रि विश्राम सर्किट हाउस में करेंगी। सोमवार सुबह कार से लक्ष्मीनाथ मंदिर जाकर पूजा-अर्चन व दर्शन करेंगी। दोपहर साढ़े बारह बजे हेलीकॉप्टर से चूरू जिले की बीदासर तहसील के लिए प्रस्थान करेंगी।

छह जगह शोक संवेदना के लिए जाएंगी

पूर्व सीएम रविवार शाम विधायक सिदि्ध कुमारी के निवास पर जाकर उनकी माता श्रीमती पद्मा देवी के निधन पर शोक संवेदना प्रकट करेंगी। बाद में भाजपा के पूर्व देहात अध्यक्ष दिवंगत सहीराम दुसाद के निवास और लूणकरनसर के पूर्व विधायक दिवंगत माणिक चंद सुराणा के निवास पर जाकर उनके परिवार से मुलाकात करेंगी। सोमवार सुबह 10 बजे राजे पूर्व विधायक दिवंगत डॉ. गोपाल जोशी के निवास पर जाकर परिवार से मिलेंगी। यहां से पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी के कोठारी हॉस्पिटल रोड िस्थत आवास बरसलपुर हाउस जाकर उनकी माता श्रीमती मदन कंवर के निधन पर शोक संवेदना प्रगट करेंगी। यहां से पूर्व सीएम राजे भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय आचार्य के निवास पर जाएंगी और उनकी माता श्रीमती विमला देवी आचार्य के निधन पर शोक प्रकट करेंगी।

Hindi News/ Bikaner / पूर्व सीएम राजे दो दिन बीकानेर में, सियासी हलचल तेज

ट्रेंडिंग वीडियो