पुण्यतिथि पर श्रद्धापूर्वक स्मरण, प्रतिमा पर अर्पित किए श्रद्धासुमन
बीकानेर. स्वतंत्रता सेनानी और पूर्व विधायक गोकुल प्रसाद पुरोहित की पुण्यतिथि पर रविवार को उनका श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। नत्थूसर गेट के बाहर गोकुल सर्किल पर स्थित प्रतिमा स्थल पर कांग्रेस और उसके अग्रिम संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं सहित नगरवासियों ने पुरोहित की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष यशपाल गहलोत ने कहा कि पुरोहित युवाओं के प्रेरणा स्त्रोत थे। उन्होंने मजदूरों के कल्याणार्थ कई आन्दोलन किए।
महासचिव अनिल कल्ला ने कहा कि गोकुल प्रसाद पुरोहित एक निर्भिक जननेता, कुशल एवं प्रखर विधायक तथा कर्मठ मजदूर नेता थे। वे मजदूरों और किसानों के हितैषी थे। कांग्रेस नेता राजकुमार किराडू ने कहा कि पुरोहित दलगत राजनीति से उपर थे। बीकानेर के सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक जगत में योगदान अविस्मरणीय है। इस अवसर पर पार्षद शिवशंकर बिस्सा, अधिवक्ता कुंदन व्यास, नरेश जोशी, विजय कुमार व्यास, अधिवक्ता अजय पुरोहित, अनिल गोपाल पुरोहित, नवनीत पुरोहित, श्याम नारायण रंगा, कंवर लाल बोहरा, गोपाल पुरोहित, नृसिंहदास व्यास, भरत पुरोहित, डॉ. विजय आचार्य आदि ने श्रद्धाजंलि अर्पित की। गोकुल प्रसाद पुरोहित स्मारक समिति, शहर कांग्रेस कमेटी और अखिल भारतीय राजीव गांधी ब्रिगेड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दो मिनट का मौन रखकर पुरोहित को श्रद्धांजलि दी गई।