महिला दिवस पर महिलाओं को कराया नि:शुल्क सफर
बीकानेर. विश्व महिला दिवस पर रोडवेज प्रबंधन की ओर से महिलाओं को रोडवेज में नि:शुल्क यात्रा कराई गई। यात्री भार को देखते हुए बुधवार को रोडवेज प्रशासन ने अतिरिक्त बसें चलाईं।
बीकानेर आगार प्रबंधक अंकित शर्मा ने बताया कि महिला दिवस पर बीकानेर जिले में 10 अतिरिक्त बसें चलाई गईं। श्रीडूंगरगढ़, लूणकरनसर, कोलायत, नोखा, छतरगढ़, खाजूवाला के लिए अतिरिक्त बसें चलाईं।
कई जगह पर बसों ने दो से अधिक फेरे किए। हर साल महिला यात्री का भार रोडवेज में बढ़ रहा है। रक्षाबंधन, भाईदूज व महिला दिवस पर रोडवेज में महिला यात्रियों की संख्या अच्छी-खासी रहती है। हालात यह होती है कि अन्य सवारियों को सीट तक नहीं मिलती। महिला दिवस पर अधिकांश बसों में केवल महिला यात्री ही नजर आईं।
पतंगबाजी की राष्ट्रीय प्रतियोगिता आज से
-काली माता मंदिर के पीछे सुजानदेसर में होगा आयोजन
बीकानेर. सन 1971 के युद्ध में शहीद हुए सैनिकों के सम्मान में अखिल भारतीय पतंगबाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। काली माता मंदिर के पीछे सुजानदेसर में प्रतियोगिता गुरुवार सुबह 9 बजे शुरू होगी।
इसमें कोलकाता, मुम्बई, मुरादाबाद, दिल्ली, जयपुर, बीकानेर, बरेली, कानपूर आदि जगहों के पतंगबाज भाग लेंगे। बीकानेर की ना माकूल महफिल पतंग शाखा की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में पहले दिन इंटरनेशनल लखनऊ व अब्बासी जयपुर तथा सिलवर मुरादाबाद व आरजे-07 बीकानेर, रॉकी काईट कानपूर व सतगुरु बीकानेर, एकता काईट कानपुर व ओम शक्ति काईट बीकानेर के बीच मुकाबले होंगे।
दूसरे दिन कोलकता काईट कोलकाता व रोहित काईट दिल्ली, यूनियन काईट दिल्ली व महफिल काईट बीकानेर, वरधान काईट कोलकाता व राजस्थान बीकानेर में मुकाबला रहेगा। 11 मार्च को इंटरनेशनल प्रयागराज व कोहिनूर बीकानेर के साथ पहले दो दिन के मुकाबलों में विजेता टीमों के बीच प्रतियोगिता होगी। सेमीफाइनल 16 मार्च और फाइनल 17 मार्च को होगा। प्रतियोगिता में कुल 32 टीमें भाग लेगी।