
Milk Powder In Schools: इस साल बाल गोपाल गटकेंगे 23.73 लाख किलो पाउडर मिल्क
बीकानेर. सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत बाल गोपाल की इम्युनिटी को मजबूत करने तथा उन्हें स्कूलों से जोड़े रखने के लिए एक बार फिर सरकार ने दूध देने की योजना शुरू की है। यह घोषणा वित्तीय वर्ष 2022-23 में मुख्यमंत्री बाल गोपाल योजना के अंतर्गत की गई है। स्कूलों, मदरसों, संस्कृत विद्यालयों एवं विशेष प्रशिक्षण केन्द्रों में कक्षा एक से आठ तक अध्ययनरत विद्यार्थियों को दूध पिलाया जाएगा। प्रदेश के सभी 33 जिलों में उच्च प्राथमिक स्कूलों में बच्चों की संख्या के अनुसार मिल्क पाउडर वितरित किया जाएगा। एक अनुमान के मुताबिक प्रदेश में 23.73 लाख किलोग्राम से अधिक मिल्क पाउडर वितरित किया जाएगा। सबसे अधिक मिल्क पाउडर बाड़मेर में तथा सबसे कम जैसलमेर के बाल गोपालों को पिलाया जाएगा।
स्कूलों तथा मदरसों के बच्चों की संख्या के अनुसार मिल्क पाउडर से तैयार दूध की मात्रा तय की गई है। प्रथम चरण में तीन माह के लिए आवश्यक पाउडर मिल्क की मांग के आधार पर पाउडर मिल्क की डोर स्टेप आपूर्ति आरसीडीएफ करेगा। जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) द्वारा तीन माह की पाउडर मिल्क की अनुमानित लागत का पचास प्रतिशत अग्रिम भुगतान किया जाएगा।
सबसे ज्यादा बाड़मेर और सबसे कम जैसलमेर में मांग
मिड-डे-मील कार्यक्रम के आयुक्त की ओर से जारी सूचना के अनुसार सबसे अधिक पाउडर मिल्क की मांग सीमावर्ती बाड़मेर जिले मेंं और सबसे कम भी सरहदी जिले जैसलमेर में आंकी गई है। बाड़मेर में 158070 किलोग्राम तथा जैसलमेर में 37 हजार 730 मिल्क पाउडर की मांग की गई है। प्रदेश में दूध की यह मांग संबंधित जिलों के शिक्षा अधिकारियों की ओर से दी गई छात्रों की संख्या के अनुसार जारी की गई है।
प्रदेश के जिलों के स्कूलों में यह है दूध की मांग
अजमेर में 87310, अलवर 114070, बांसवाड़ा 98370, बारां 45010, बाड़मेर 158070, भरतपुर 83625,भीलवाड़ा 101800, बीकानेर 77535, बूंदी 45575, चितौड़गढ़ 58005, चूरू 64370,दौसा 51625, धौलपुर 60450,श्रीगंगानगर 53365,हनुमानगढ़ 46466 तथा जयपुर में 119950 किलोग्राम पाउड मिल्क आवंटित किया गया है। इसी तरह जैसलमेर में 37730, जालौर 78605, झालावाड़ 55375,झुंझुनूं 39495, जोधपुर 118835, करौली 51635, कोटा 39900,नागौर 101560, पाली 70795, प्रतापगढ़ 46160, राजसमंद 52310, संवाई माधाेपुर 43915, सीकर 64415,सिरोही 45455, टोंक 44995 तथा उदयपुर में 140075 किलोग्राम मिल्क पाउडर की मात्रा आवंटित की गई है।
भुगतान 400 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से
पाउडर मिल्क का भुगतान 400 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से किया जाएगा। इस राशि में सभी तरह के कर तथा परिवहन शामिल किया गया है। पाउडर मिल्क शैक्षिक संस्था को आपूर्ति किए जाने पर पावती की पांच प्रति में विवरण सहित स्कूलों को उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही पावती में किसी प्रकार की कटिंग नहीं की जाएगी।
Published on:
18 Jul 2022 01:08 am

बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
