
कभी तांगे पर संचालित होता था, अब ई वाहन पर चल पुस्तकालय
- अतुल आचार्य
आज की मोबाइल और सर्च इंजन वाली जीवनशैली में बीकानेर का यह अनूठा चल पुस्तकालय नई पीढ़ी को पुस्तकों से जोड़ रहा है। कभी तांगे पर संचालित होता था। अब यह लाइब्रेरी ई-वाहन पर आ गई है। खास बात यह कि ई बुक्स के जमाने में ई वाहन पर सवार यह मोबाइल लाइब्रेरी नई पीढ़ी को पुस्तकों से जोड़ रही है। वर्ष 1997 में अजित फाउंडेशन की ओर से चल पुस्तकालय की शुरुआत की गई थी। उस समय तांगे के माध्यम से यह चल पुस्तकालय गली-मोहल्लों में दस्तक देता था। संस्थान से जुड़े भवानीशंकर बताते है कि तांगे की टक..टक की आवाज के साथ ही मोहल्लेवासी धीरे-धीरे अपने घरों से बाहर आने लगते और इसके आसपास बड़ी संख्या में लोग पहुंच जाते और कहते तांगा पुस्तकालय आ गया। भरी दोपहर में एक बजे तांगे को पुस्तकों और मैग्जीन से सजाया जाता था। तांगे पर दरी, पुस्तकें, खिलौने कुछ रजिस्टर आदि सभी सामान लेकर यह यात्रा फाउंडेशन कार्यालय से रवाना होती थी। निश्चित दिन पर तय मोहल्ले एवं स्थान पर तांगा पुस्तकालय रुकता था। कई साल तक यह सिलसिला चला। अब तांगे की जगह ई-वाहन ने ले ली है। प्रदूषण से बचाव के लिए ई-वाहन का चयन किया गया है। इसकी डिजाइन एक छोटी लाइब्रेरी के रूप में की गई है। चल-पुस्तकालय में करीब दो सौ पुस्तकें ले जाते हैं।
पहले था तांगा पुस्तकालय
अजित फाउंडेशन से जुड़े संजय श्रीमाली ने बताया कि कई साल बंद होने के बाद फिर से इसको शुरू किया गया है। चल-पुस्तकालय नई पीढ़ी को किताबों से जोड़ रहा है। शहर के विभिन्न मोहल्लों में निश्चित समय पर रुकता है। चल-पुस्तकालय में प्रत्येक मोहल्ले से 50 से अधिक लोग जुड़े हुए हैं। तांगा पुस्तकालय रोजाना अलग-अलग स्थानों पर पहुंचता था। इसको लेकर समय-सारिणी बनाई गई थी। यह पुस्तकालय शीतला गेट, तेलीवाड़ा, मोहता चौक, बारह गुवाड़, व्यासों का चौक, गोस्वामी चौक, भाटों का बास, नत्थूसर गेट, बीके स्कूल के पास सहित अन्य जगहों पर संचालित होता था।
Published on:
26 May 2023 08:12 pm
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
