
अगले साल जनवरी में हो सकती है अध्यापक सीधी भर्ती परीक्षा
चंद्रप्रकाश ओझा
बीकानेर. रीट लेवल-2 की परीक्षा क्या रद्द हुई, द्वितीय लेवल अध्यापकों की नौकरी की आस तो द्रोपदी के चीर की तरह लंबी होती चली जा रही है।
बेरोजगार युवा अब एक-एक दिन इस आस में गुजार रहे हैं कि अध्यापक लेवल प्रथम की तरह उनकी भी नौकरी जल्दी लग जाए लेकिन उनकी ये आस 2022 तक तो पूरी होती नहीं दिखती, क्योंकि राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने साफ कह दिया है कि जुलाई 2022 के बाद उसके पास कोई नई प्रतियोगी परीक्षा कराने का समय नहीं है।
बोर्ड ने बाकायदा एक विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि अध्यापक लेवल प्रथम और द्वितीय की सीधी भर्ती प्रतियोगी परीक्षा अगले साल जनवरी में ही संभव हो सकती है।
दिक्कत क्या है
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा रीट पात्रता परीक्षा 23-24 जुलाई को प्रस्तावित है, इसके बाद ही नए नियमों के अनुसार सीधी भर्ती प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन संभव है। जुलाई में परीक्षा होती है, तो सितंबर के आखिरी तक इसका परिणाम घोषित होगा। ऐसे में कर्मचारी चयन बोर्ड को इस परीक्षा की तैयारी के लिए भी 3-4 महीने लग जाएंगे। ऐसे में जनवरी 2023 से पूर्व अध्यापक सीधी भर्ती प्रतियोगी परीक्षा करा पाना संभव नही है। ये तो तब है, जब रीट पात्रता परीक्षा का आयोजन सफलता पूर्वक हो जाए। अगर पहले की तरह किसी भी तरह की बाधा आती है, तो जनवरी से भी आगे ये परीक्षा खिसक सकती है।
इसलिए भी लंबा हो गया इंतजार
रीट का पेपर लीक होने के बाद सरकार ने अध्यापक लेवल द्वितीय की रीट परीक्षा तो रद्द की ही, साथ ही नए नियम बनाते हुए भविष्य में अध्यापक लेवल प्रथम व द्वितीय के लिए रीट पात्रता पाने के बाद एक और प्रतियोगी परीक्षा कराने का निर्णय ले लिया, जिससे अध्यापक लेवल दो के अभ्यर्थियों को न केवल दोहरा नुकसान हो गया, बल्कि रोजगार पाने की चाह और लंबी हो गई। क्योंकि जो अभ्यर्थी रीट पात्रता में सफल हुए थे, उन्हें तो 2022 में नौकरी मिलने की पूरी उम्मीद थी लेकिन ये परीक्षा रद्द होने और फिर रीट के बाद एक और परीक्षा पास करने के नए नियम ने उनकी राह लंबी कर दी।
Published on:
20 May 2022 08:58 am
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
