22 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अब महिलाएं कर सकेंगी पिंक बस टॉयलेट का उपयोग

शहर के बाजार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अब महिलाएं पिंक बस टॉयलेट का उपयोग कर सकेंगी। नगर निगम ने चार में से दो पिंक बस टॉयलेट को रतन बिहारी पार्क परिसर और राजीव मार्ग पर स्थापित कर दी है। पिंक बस के लिए आवश्यक पानी, स्लज निस्तारण की सुविधाएं हो चुकी है। निगम की ओर से जल्द इन दोनों पिंक बस टॉयलेट का संचालन सुलभ इंटरनेशनल के माध्यम से करवाया जाएगा। इन पिंक बसों में बेबी फीडिंग कक्ष, बेबी डायपर चेंज टेबल, सेनेटरी नेपकिन पैड मशीन सहित चार टॉयलेट, वाटर टैंक, स्लज टैंक, सेंसर लाइट आदि की सुविधाएं है।

2 min read
Google source verification

बीकानेर. शहर में नए वर्ष में महिलाओं को पिंक बस टॉयलेट की सुविधा मिलेगी। नगर निगम ने दो स्थानों पर पिंक बस को स्थापित कर दिया है। महिलाएं इन पिंक बस टॉयलेट का उपयोग कर सकेंगी। निगम की ओर से प्रथम चरण में रतन बिहारी पार्क परिसर और राजीव मार्ग पर पिंक बस स्थापित की गई है। संभावना है कि इसी सप्ताह से इनका उपयोग प्रारंभ हो जाएगा। निगम ने सुलभ इंटरनेशनल के माध्यम से इनका संचालन करवाने का मानस बनाया है।गौरतलब है कि निगम ने शहर के बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में महिलाओं की सुविधा के लिए चार पिंक बस टॉयलेट की खरीद की है। इन पिंक बसों को शहर के प्रमुख स्थानों व बाजारों के पास स्थापित किया जाएगा।

पिंक बस में ये सुविधाएं

नगर निगम के अधिशाषी अभियंता (यांत्रिकी) गोपाल मूण्ड के अनुसार पिंक बस में चार टॉयलेट हैं। इनमें दो इंडियन व दो वेस्टर्न टॉयलेट हैं। वहीं बस में छोटे बच्चों को दूध पिलाने के लिए बेबी फीडिंग कक्ष, बेबी डायपर चेंज टेबल, हैंड वॉश बेसिन, सेंसर लाइटें, स्लज टैंक, वाटर टैंक, अटेंडेंट आदि की सुविधाएं हैं। बसों को खड़ा करने के लिए प्लेटफार्म बनाए गए हैं।

सवा महीने से खड़ी हैं

नगर निगम को गत महीने 25 व 26 नवंबर को ही चार पिंक बस टॉयलेट प्राप्त हो गई थीं। निगम मुय कार्यालय परिसर में करीब सवा महीने से ये पिंक बस टॉयलेट खड़ी रहीं। बुधवार को चार में से दो पिंक बस टॉयलेट को रतन बिहारी पार्क परिसर व राजीव मार्ग पर खड़ा किया गया। दो पिंक बस टॉयलेट अब भी निगम कार्यालय परिसर में खड़ी हैं।

प्रदेश में बीकाणा पहला शहर

महिलाओं के लिए पिंक बस टॉयलेट की सुविधा प्रारंभ करने वाला बीकानेर प्रदेश का पहला शहर बन रहा है। निगम महिलाओं के लिए स्थायी रूप से दो पिंक टॉयलेट कॉपलेक्स का भी निर्माण करवाएगा। इनमें भी प्रत्येक की लागत करीब 21 लाख रुपए आएगी। पिंक बसें दो स्थानों पर स्थापित हो चुकी हैं, दो और स्थान चिह्नित किए जा रहे हैं।

जल्द शुरू होगी सुविधा

शहर में दो स्थानों पर पिंक बस टॉयलेट स्थापित कर दी गई है। सुलभ इंटरनेशनल से इनका संचालन करवाया जाएगा। एक-दो दिन में इनका उपयोग शुरू हो जाएगा। -मयंक मनीष, आयुक्त, नगर निगम, बीकानेर।