केन्द्रीय जल संसाधन राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि बीकानेर व अन्य क्षेत्रों के किसानों को पूरा पानी मिले इसके लिए पाकिस्तान की ओर जाने वाले पानी को रोकने की कार्य योजना पर काम चल रहा है। वे धानुका एग्रीटेक लिमिटेड की ओर से रवीन्द्र रंगमंच पर मंगलवार को आयोजित कृषक गोष्ठी को सम्बोधित कर रहे थे।
गोष्ष्ठी निर्धारित समय से तीन घंटे देर से शुरू हुई। जिससे किसानों को परेशानी हुई। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि काश्तकार कृषि संबंधी नवीनतम वैज्ञानिक तकनीक व ज्ञान अपनाकर अपनी आमदनी को बढ़ा सकते हैं। अच्छे बीज, उचित बीजारोपण तकनीक, खरपतवार व कीड़ों पर नियंत्रण तथा जैविक खाद के उचित प्रयोग से किसान अपनी पैदावार को बढ़ा सकते हैं।
धानुका एग्रिटेक के चेयरमैन आरजी अग्रवाल ने कहा कि बीज उपचार से बीज की शक्ति में वृद्धि व रोग नियंत्राण की बदौलत पैदावार में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी देखी गई है। केवीके चौमूं के प्रभारी डॉ. एस एस राठौड़ ने फसलों को कीड़ों से बचाने के तरीके बताए। पार्थ सेनगुप्ता ने मूंगफली पैदावार बढ़ाने की जानकारी दी।
राज्य के दस किसानों को पैदावार में वृद्धि के लिए पुरस्कृत किया गया। समारोह में डॉ सत्यप्रकाश आचार्य, हर्ष धानुका, अशोक प्रजापत, मोहन सुराणा, जितेन्द्र सिंह, उम्मेद सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।