6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रोडवेज की राह में फिर रोड़ा बना लोक परिवहन

परिवहन विभाग ने बनाई संयुक्त समय सारिणी, कर्मचारी संगठन हुए खफा, हनुमानगढ़ आगार में बसें बंद करने की चेतावनी

2 min read
Google source verification
rajasthan roadways news

घाटे से जूझ रहे रोडवेज की राह में लोक परिवहन बस सेवा रोड़ा बनती जा रही है। हाल ही नोहर, भादरा व रावतसर के रूट पर परिवहन विभाग ने संयुक्त समय सारिणी जारी कर रोडवेज को झटका दिया है। परिवहन विभाग की इस पहल के बाद रोडवेज का संयुक्त कर्मचारी मोर्चा खफा है। मोर्चा ने इस समय सारिणी को निरस्त नहीं करने पर हनुमानगढ़ आगार में बसों का संचालन बंद करने की चेतावनी भी दी है।

यह है विवाद की जड़
परिवहन विभाग ने हाल ही रावतसर-नोहर रूट पर रोडवेज और लोक परिवहन की बसों के लिए संयुक्त समय सारिणी जारी की है। इससे रोडवेज का शिड्यूल गड़बड़ा सकता है। संयुक्त मोर्चा की मानें तो परिवहन विभाग ने रोडवेज प्रबंधन की सहमति के बिना ही समय सारिणी जारी कर दी। बसों के संचालन समय में ज्यादा अन्तराल नहीं होने से रोडवेज को राजस्व का नुकसान उठाना पड़ सकता है।

घट जाएंगे फेरे
रावतसर, नोहर व भादरा रूट पर रोडवेज की 86 बसें चलती हैं। संयुक्त समय सारिणी के बाद रोडवेज के 139 फेरे ही रह जाएंगे, जबकि लोक परिवहन बसों के 132 फेरे हो जाएंगे। साथ ही इनके समय में ज्यादा बदलाव भी नहीं है। संयुक्त मोर्चे का आरोप है कि इस रूट पर नियमित रूप से चल रही रोडवेज की बसों का समय भी आगे-पीछे हो रहा है। इस वजह से भी उन्हें परेशानी उठानी पड़ेगी।

यह मिला आश्वासन
संयुक्त समय सारिणी को निरस्त करने की मांग को लेकर सोमवार को संयुक्त कर्मचारी मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने कार्यालय सचिव (प्रादेशिक परिवहन प्राधिकार) से मुलाकात कर अपनी बात रखी। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि संयुक्त समय सारिणी उपयुक्त नहीं है। इस पर सचिव ने मोर्चा से एक दिन का समय मांगते हुए लिखित में आश्वासन दिया कि इस मुद्दे पर सकारात्मक विचार किया जाएगा।

एक दिन इंतजार
परिवहन विभाग ने समय मांगा है, तो एक दिन और इंतजार करेंगे। यदि इसके बाद संयुक्त समय सारिणी निरस्त नहीं होती है तो हनुमानगढ़ में रोडवेज बसें नहीं चलेंगी।
रामेश्वर शर्मा, उप महासचिव, एटक

मुख्यालय को बताया
यह सही है कि नोहर-भादरा मार्ग पर परिवहन विभाग ने जो समय सारिणी जारी की है, वह संयुक्त है। इसके बारे में मुख्यालय को बता दिया है, साथ ही आरटीओ से भी इसे बदलने का आग्रह किया है।
रवि सोनी, आगार प्रबंधक