बीकानेर. साइकिल से घर का सामान लेने जा रहे जा रहे एक व्यक्ति को बोलेरो ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना पर कोटगेट व गंगाशहर दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। कोटगेट थाने के हैडकांस्टेबल गिरधारी दान ने बताया कि उत्तरप्रदेश के जालपुरा निवासी ओमप्रकाश (37) पुत्र फिरतू राम रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र स्थित किसी फैक्ट्री में काम करता है। रविवार दोपहर को वह साइकिल लेकर फैक्ट्री से निकला। वह बाजार से घरेलू सामान लेने जा रहा था। पांच नंबर रोड पर पहुंचा तब एक बोलेरो गाड़ी ने साइकिल को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। उसे पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।