
बीकानेर में चोरों का आतंक, जेवर की दुकान और घर में लाखों की चोरी
बीकानेर. शहर में चोरों ने धमा-चौकड़ी मचा रखी है। घर-दुकान को आए दिन निशाना बना रहे हैं। चोरी की बढ़ती वारदातों ने पुलिस की नींद उड़ा रखी है। अब चोरों ने नयाशहर में घर और बीछवाल थाना क्षेत्र में ज्वैलर्स की दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर यहां से लाखों रुपए के जेवर व नकदी चुरा ले गए।
दुकान से ले गए तिजोरी
बीछवाल एसएचओ महेन्द्र दत्त शर्मा ने बताया कि जामसर हाल पता कानासर निवासी विकास पुत्र फूसराज सोनी की श्रीकरणी मां ज्वैलर्स नाम से दुकान है। वह गांव में किराए का मकान लेकर रह रहा है। गुरुवार की रात को चोर उसकी दुकान का ताला तोड़कर वहां रखी तिजोरी को ही निकाल ले गए। पीडि़त के मुताबिक तिजोरी में दस किलो चांदी का सामान एवं करीब 200 ग्राम सोने के जेवर थे, जिनकी कीमत करीब 20 लाख रुपए है। घटना का पता शुक्रवार सुबह ग्रामीणों से चला। तब विकास दुकान पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। वारदात की सूचना पर बीछवाल थाने से एएसआई सुभाष यादव मय टीम मौके पर पहुंचे।
टायरों के निशान मिले
पुलिस के अनुसार दुकान के आसपास एक गाड़ी के टायरों के निशान मिले हैं। आशंका है कि चोरों ने पूरी तिजोरी दुकान से निकाल कर किसी गाड़ी में डाली और ले गए। यहां आसपास में कहीं पर भी सीसीटीवी कैमरे भी नहीं हैं, जिससे चोरों के बारे में पता करने में दिक्कत हो रही है। चोरों ने दुकान के मुख्य शटर के ताले तोड़े और बाद में दुकान में लगे एल्युमिनियम का गेट तोड़ दिए। रात दो से सवा तीन बजे के दरम्यान वारदात को अंजाम दिया गया।
सास के निधन पर परिवार सहित गया था ससुराल, पीछे से चोर कर गए घर साफ
नयाशहर थाना क्षेत्र के रामपुरा बस्ती गली नंबर एक निवासी किसनाराम पुत्र कुम्भाराम नायक की सास का निधन होने पर वह परिवार सहित झझू गांव गया हुआ था। 24 अप्रेल की रात को चोर उसके घर में घुसे और सोने की पांच ग्राम की मूर्ति, सोने के टॉप्स पांच ग्राम, खेत के कागजात-पट्टा, सोने के कानों के लॉन्ग दो जोड़ी, 40 हजार रुपए नकदी चुरा ले गए। पीडि़त को घटना का पता चलने पर वह बीकानेर आया। पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का मौका-मुआयना किया है।
Published on:
29 Apr 2023 02:39 am
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
