
- जामसर में गंगाईनाथ जी मंदिर के सामने हुआ हादसा
- ट्रेलर जब्त, चालक फरार, मामला दर्ज
बीकानेर. जामसर थाना इलाके में मंगलवार को ट्रेलर ने आगे चल रही बाइक को टक्कर मार दी। ट्रेलर बाइक सवार बाप-बेटी को कुचलते हुए आगे निकल गया, जिससे दोनों की मौके पर मौत हो गई। हादसे का पता चलने पर जामसर थानाधिकारी रवि कुमार मय टीम मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि जलालसर निवासी गफ्फार शाह (43) पुत्र कुतुबशाह एवं जायदा बानो (18) पुत्री गफ्फार शाह जामसर से जलालसर की तरफ जा रहे थे। ट्रेलर लूणकरनसर से बीकानेर की तरफ जा रहा था। बाइक जामसर बस स्टैंड से अंडरब्रिज से होते हुए जलालसर की तरफ जा रही थी, जब श्री बाबा गंगाईनाथ मंदिर के पास ट्रेलर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। ट्रेलर ने दोनों बाप-बेटी को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई।
बाप-बेटी सामान लेने आए थे
थानाधिकारी ने बताया कि गफ्फार शाह जलालसर में खेत में ढाणी में रहते हैं। मंगलवार को वह दोनों बाप-बेटी सामान लेने आए थे। इस दौरान अस्पताल भी गए थे। वहां से वापस लौटते समय ट्रेलर ने बाइक को चपेट में ले लिया। गफ्फार शाह के छोटे भाई रज्जाक शाह की ओर से ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर लिया है।
विदेश भेजने के नाप पर ठगी, मामला दर्ज
बीकानेर. युवक को विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में जैन कॉलेज के पीछे पांच नंबर रोड में रहने वाली हसीना बानो व सायरा बानो ने गंगाशहर थाने में खालिद हुसैन, सराफत हुसैन एवं सराफत हुसैन के दो भाइयों व उनकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस के अनुसार, परिवादियों ने आरोप लगाया कि करीब एक साल पहले आरोपियों ने उनके बेटे को विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपए ले लिए, लेकिन भेजा नहीं। अब रुपए भी वापस नहीं कर रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेना में भर्ती कराने का झांसा देकर ठगे दो लाख रुपए
बीकानेर. एक युवक काे सेना में भर्ती कराने का झांसा देकर लाखों रुपए ठगने का मामला बीछवाल थाने में दर्ज कराया गया है। यह मामला श्रीगंगानगर जिले के 6 जेकेएम हालपता केशव कुंज कानासर निवासी सुनील कुमार यादव ने रेखा चौहान, इस्माइल खान, सोनू गिल के खिलाफ दर्ज कराया है। पुलिस के अनुसार, परिवादी ने रिपोर्ट में बताया कि आरोपियों ने उसके मामा के लड़के राकेश कुमार को सेना में भर्ती कराने का झांसा देकर दो लाख रुपए ले लिए थे। घटना जुलाई 2023 से दिसंबर, 2023 तक की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Updated on:
12 Mar 2025, 8:10 AM IST
Published on:
12 Mar 2025, 8:09 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.