23 जनवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

क्या होगी चुनावी रणनीति, बीकानेर में संकेत दे गए सीएम अशोक गहलोत

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश प्रभारी सुखविन्दर सिंह रंधावा मंगलवार को यहां बीकानेर में संभाग स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं में पार्टी के लिए कुछ भी कर-गुजरने जैसा जोश भरते नजर आए।

3 min read
Google source verification
क्या होगी चुनावी रणनीति, बीकानेर में संकेत दे गए सीएम अशोक गहलोत

क्या होगी चुनावी रणनीति, बीकानेर में संकेत दे गए सीएम अशोक गहलोत

बीकानेर. राहुल गांधी की संसद से सदस्यता समाप्त करने को लेकर प्रदेश में अब कांग्रेस आक्रामक मूड में नजर आ रही है। चुनावी साल में राज्य कांग्रेस इस मुद्दे को अपने लिए संजीवनी के रूप में देख रही है। इसी कारण कांग्रेस इस पूरे मामले को चुनावी फायदे के लिए भुनाने की कोशिशों में जुट गई है। साथ ही कांग्रेस थिंक टैंक ने यह संदेश भी दे दिया है कि वह इस मसले पर बेहद आक्रामक रुख अख्तियार करेगी। बीकानेर में मंगलवार को सीएम अशोक गहलोत व प्रदेश प्रभारी ने जो तेवर दिखाए, वह भी इसी रणनीति की ओर इशारा कर रहे हैं। इस दौरान कार्यकर्ताओं को हर वक्त तैयार रहने का संदेश दिया गया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश प्रभारी सुखविन्दर सिंह रंधावा मंगलवार को यहां बीकानेर में संभाग स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं में पार्टी के लिए कुछ भी कर-गुजरने जैसा जोश भरते नजर आए।

सीएम गहलोत ने बीकानेर संभाग के चारों जिलों के कार्यकर्ताओं को साढ़े चार दशक पहले इंदिरा गांधी की संसद सदस्यता रद्द करने के समय की याद दिलाई। बोले- उस समय कांग्रेस ने देशभर में इंदिरा गांधी के लिए जो प्रतिक्रिया दिखाई, उसी जोश की अब जरूरत आ पड़ी है। रंधावा ने भी कार्यकर्ता को आक्रामक सिपाही की तरह बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सेनापति राहुल गांधी के आदेश पर देश में लोकतंत्र की रक्षा के लिए भाजपा पर हमलावर होने को तैयार रहें। सम्मेलन में राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करने और आडाणी मामले को गांव-गांव पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई। साथ ही कार्यकर्ता को एक संदेश के साथ तुरंत धरने-प्रदर्शन के लिए पहुंचने अथवा जेल भरने जैसे कदम के लिए तैयार रहने को कहा गया।

सिंगल एजेंडा : नारे में राहुल, भाषण में राहुल

मुख्यमंत्री मंगलवार सुबह बीकानेर के गंगाशहर िस्थत तेरापंथ भवन में बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू के कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे। कुर्सी पर बैठते ही मंच संचालक केश कला बोर्ड अध्यक्ष महेन्द्र गहलोत ने मुख्यमंत्री गहलोत जिंदाबाद के नारे लगाए। इस पर सीएम ने तुरंत उन्हें अपने पास बुलाया और कहा कि राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगाओ। साथ ही पास बैठे मंत्री डाॅ. बीडी कल्ला, गोविन्दराम मेघवाल और भंवर सिंह भाटी की तरफ भी नारे से लेकर भाषण तक में राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करने के मुद्दे को केन्द्र में रखने का इशारा किया। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि भाजपा और आरएसएस के पास कोई मुद्दा नहीं है। ऐसे में हिन्दू- मुस्लिम जैसे मुद्दे लाकर भ्रमित करने का प्रयास करेंगे, इससे सचेत रहें।

टारगेट : राजस्थान जीतेंगे तभी केन्द्र से भाजपा हटा पाएंगे

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रंधावा ने कहा कि जब प्रदेश में प्रभारी बनकर आया और यहां अखबारों में पढ़ा और सुना तो लगा कि राजस्थान में कांग्रेस की पता नहीं कैसी हालात है। परन्तु अब लगता है कि कांग्रेस एकजुट है और 2023 में सरकार रिपीट होगी। उन्होंने टिकट मांगने वालों को नसीहत देते हुए कहा कि मैं इतने दिन से यही देख रहा हूं कि पार्टी के लिए कौन काम करता है। जो पार्टी के लिए काम करेगा, उसे ही मौका मिलेगा। कार्यकर्ताओं को चेताया कि राजस्थान जीतेंगे तभी 2024 में केन्द्र से भाजपा सरकार को हटा पाएंगे।

युवाओं पर फोकस : पढ़ाई के साथ देश की हर घटना की जानकारी रखें

इससे पूर्व सीएम गहलोत ने राजकीय डूंगर कॉलेज में छात्रसंघ कार्यालय का उद्घाटन किया। गहलोत ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में लिए निर्णयों एवं नवाचारों से ही आज राजस्थान अग्रणी प्रदेश बना है। युवा वर्ग शिक्षा प्राप्ति के साथ देश की हर घटना की जानकारी भी रखें। देश की आजादी से पूर्व एवं बाद के त्याग और बलिदान को पढ़ें। इसी से व्यक्तिव और कृतित्व मजबूत बनेगा। बोले-इतिहास वही बनाता है, जो इतिहास जानता है।

बीकानेर की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें...