
पत्रिका फोटो।
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के निर्देश पर पहला संभाग स्तरीय युवा संबल मेला मंगलवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में आयोजित हुआ। मेले में 42 नियोक्ताओं ने रोजगार के सात हजार अवसर उपलब्ध करवाए। मेले के लिए 5 हजार 226 युवाओं का पंजीकरण हुआ तथा 1 हजार 179 युवाओं का विभिन्न ट्रेड्स के तहत प्राथमिक चयन किया गया। शिविर में निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठित नियोजकों के अतिरिक्त 11 विभिन्न सरकारी विभागों, प्रशिक्षण संस्थाओं द्वारा 352 बेरोजगार प्रार्थियों को व्यावसायिक मार्गदर्शन एवं कौशल प्रशिक्षण, स्वरोजगार हेतु मार्गदर्शन एवं ऋण सुविधाओं की जानकारी के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। मेले का उद्घाटन बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र विधायक जेठानंद व्यास, श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि तथा सुमन छाजेड़ ने किया। सभी ने मेले में लगाए गए स्टॉल्स का अवलोकन किया तथा इनके द्वारा उपलब्ध वैकेंसी की जानकारी ली। सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय द्वारा सरकार की उपलब्धियों पर आधारित साहित्य का वितरण किया गया।
व्यवस्थाओं के बारे में दी जानकारी
उप क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय के उप निदेशक हरगोबिंद मित्तल ने मेले से जुड़ी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा आयोजित किये जाने वाले रोजगार सहायता शिविरों, कैम्पस प्लेसमेंट तथा युवा सम्बल मेलों में बेरोजगार युवाओं को अधिकाधिक भाग लेकर इनका लाभ उठाना चाहिए। इस दौरान जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक डॉ. हरि शंकर आचार्य और कोषाधिकारी धीरज जोशी ने विचार व्यक्त किए। आईटीआई के संयुक्त निदेशक गौरी शंकर नायक ने आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन संजय पुरोहित ने किया। इस दौरान मोटिवेशन स्पीकर डॉ. चक्रवर्ती नारायण श्रीमाली ने कॅरियर आधारित व्याख्यान दिया। कनिष्ठ रोजगार अधिकारी एवं शिविर प्रभारी चौधरी दिनेश कुमार ने बताया कि शिविर में नियोजन, प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार के लिए 1531 प्रार्थी लाभान्वित हुए।
पांच स्थानों पर क्यूआर कोड
मुख्यमंत्री के निर्देश पर पहली बार आयोजित युवा संबल मेले में युवाओं का हुजूम रहा। प्रातः 10 बजे से पहले ही बड़ी संख्या में युवा मेला स्थल पर पहुंच गए। युवाओं में प्रत्येक नियोक्ता द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही नौकरियों के प्रति उत्सुकता रही। दोपहर तक बड़ी संख्या में युवाओं के आने का सिलसिला जारी रहा। मैदान में प्रवेश के साथ ही प्रत्येक युवा की उपस्थिति दर्ज की गई। ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन के लिए पांच स्थानों पर क्यूआर कोड लगाए गए।
Published on:
20 Jan 2026 06:54 pm
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
