
बेटियों के सामने मां की बेरहमी से हत्या! शराब के पैसे नहीं देने पर पति बना हैवान, जानें पूरा मामला...(photo-patrika)
CG Murder Case: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर के नेहरू नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी ही बेटियों के सामने पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले पत्नी को धक्का देकर गिराया, फिर उसके चेहरे पर कई बार लात मारी और पैर से गला दबाकर उसकी जान ले ली। मृतका की पहचान 37 वर्षीय पुष्पलता यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
सिविल लाइन सीएसपी निमितेष सिंह के अनुसार, नेहरू नगर में रहने वाली पुष्पलता यादव घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थीं। उनका पति युवराज यादव कोई काम नहीं करता था। रविवार सुबह पुष्पलता दूसरे घरों में काम करके लौटी थीं। इसी दौरान युवराज ने शराब पीने के लिए उनसे पैसे मांगे। पत्नी ने पैसे देने से मना किया तो वह गुस्से में आ गया और झगड़ा शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर उसने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट से बचने के लिए पुष्पलता बाथरूम की ओर भागने लगीं, लेकिन आरोपी ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद उसने पैर से उनका गला दबा दिया और चेहरे पर कई बार लात मारी। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय घर में दंपति की 12 साल की बड़ी बेटी और 2 साल की छोटी बेटी मौजूद थीं। पिता की हैवानियत देखकर बड़ी बेटी अपनी छोटी बहन को लेकर बाहर सड़क की ओर भागी और जोर-जोर से शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक पुष्पलता की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि पुष्पलता नेहरू नगर के एक किराए के मकान में रहती थीं और घरों में काम कर परिवार चलाती थीं। उनका बड़ा बेटा डेयरी में काम कर मां की मदद करता था। वहीं युवराज अक्सर शराब पीकर पत्नी के कमाए पैसे खर्च कर देता था और मोहल्ले में हंगामा करता था। इसी वजह से मकान मालकिन कई बार उन्हें घर खाली करने के लिए कह चुकी थी। रविवार को भी वह घर खाली कराने पहुंची थीं, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद और बढ़ गया।
पुलिस की पूछताछ में बड़ी बेटी ने बताया कि मकान मालकिन के जाने के बाद पिता ने झगड़ा शुरू कर दिया। इस दौरान उसने बेलन फेंककर बेटी को भी मारने की कोशिश की। जब उसकी मां जान बचाने के लिए भाग रही थी, तब आरोपी ने उसे पकड़कर दीवार पर सिर पटक दिया और फिर फर्श पर गिराकर गला दबा दिया।
परिजनों के अनुसार युवराज का आपराधिक इतिहास भी रहा है। करीब 12 साल पहले टिकरापारा में उसने अपने ससुर के सिर पर लाठी से वार कर दिया था, जिससे उनकी मौत हो गई थी। उस मामले में वह करीब एक साल तक जेल में भी रह चुका है।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
Updated on:
09 Mar 2026 09:09 am
Published on:
09 Mar 2026 09:08 am
बड़ी खबरें
View Allबिलासपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
