12 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

CG News: रोटी बचाने की कोशिश बनी हादसे की वजह, राजस्थान में CG के SI की मौत, पुलिस विभाग शोक में…

CG News: मुंगेली जिले के जरहागांव थाना प्रभारी नंदलाल पैकरा की राजस्थान के भरतपुर जिले में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई।

2 min read
Google source verification
रोटी बचाने की कोशिश बनी हादसे की वजह, राजस्थान में CG के SI की मौत(photo-patrika)

रोटी बचाने की कोशिश बनी हादसे की वजह, राजस्थान में CG के SI की मौत(photo-patrika)

CG News: राजस्थान और दिल्ली की निजी यात्रा छत्तीसगढ़ पुलिस के एक थाना प्रभारी की अंतिम यात्रा बन गई। मुंगेली जिले के जरहागांव थाना प्रभारी नंदलाल पैकरा की राजस्थान के भरतपुर जिले में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर है।

CG News: ढाबे के पास हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, थाना प्रभारी नंदलाल पैकरा अपने साथियों के साथ निजी यात्रा पर राजस्थान गए हुए थे। भरतपुर जिले में एक ढाबे के पास खाना पैक कराते समय वह सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान उनके हाथ में रखी रोटी पर कुत्तों ने झपट्टा मारने की कोशिश की।

कुत्तों से बचते वक्त ट्रक की चपेट में आए

कुत्तों से खुद को बचाने के प्रयास में वे संतुलन खो बैठे और तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना अचानक और भीषण था कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।

पुलिस अधीक्षक ने दी जानकारी

मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने बताया कि थाना प्रभारी नंदलाल पैकरा निजी यात्रा पर थे। हादसे की सूचना मिलते ही भरतपुर पुलिस से संपर्क किया गया। वर्तमान में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

पत्नी तखतपुर में शिक्षिका

दिवंगत टीआई नंदलाल पैकरा की पत्नी तखतपुर में शिक्षिका हैं। परिवार को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, घर में कोहराम मच गया। पुलिस विभाग भी परिजनों के संपर्क में है। नंदलाल पैकरा के आकस्मिक निधन से न केवल मुंगेली जिला बल्कि पूरे प्रदेश के पुलिस महकमे में शोक व्याप्त है। वे अपने कर्तव्यनिष्ठा, सरल स्वभाव और अनुशासित कार्यशैली के लिए जाने जाते थे। उनके निधन को पुलिस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

छत्तीसगढ़ लाया जा रहा पार्थिव शरीर

पुलिस विभाग द्वारा पार्थिव देह को छत्तीसगढ़ लाने की प्रक्रिया की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।