
बिलासपुर . कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का कार्यक्रम तय हो गया है। वे 17 मई को पेंड्रा क्षेत्र में कार्यक्रम करेंगे। लेकिन सभा के लिए अभी तक स्थल चयन नहीं हो सका है। कांग्रेसियों ने जो तीन नाम दिए हैं, उस पर जिला प्रशासन ने फिलहाल सहमति नहीं दी है। बताया जाता है सुरक्षा की दृष्टि से राहुल गांधी की सभा के लिए स्थल चयन का काम जिला प्रशासन करेगा। एसडीएम मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट कलेक्टर को देंगे। दूसरी ओर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव चंदन यादव व पीसीसी चेयरमेन भूपेश बघेल गुरुवार को पेंड्रा जाएंगे। कार्यकर्ताओं को तैयारी की जिम्मेदारी दी जाएगी। हालांकि कांग्रेस अपना कार्यक्रम कोटमी में फायनल कर रही है। यहां दोपहर 2 से 4 बजे तक राहुल की सभा होगी। राहुल गांधी की सभा के लिए स्थल चयन करने के लिए गेंद जिला प्रशासन के पाले में है। राहुल गांधी के साथ एसपीजी की सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। इधर जनता कांग्रेस द्वारा बड़ी सभा कराने की तैयारी की जा रही है। ऐसे में दोनों कार्यक्रम की दूरी लगभग 20 किलोमीटर रखी जा सकती है। दोनों पार्टी के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन भी पेशोपेश में है। जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी ने बताया, 10 मई को कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव चंदन यादव व पीसीसी चेयरमेन भूपेश बघेल दोपहर संपर्क कां्रति से पेंड्रा जाएंगे। वहां से शाम को लौटने के बाद कंट्री क्लब में कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता शैलेष पांडेय व अभयनाराण राय ने बताया शुक्रवार को बघेल जांजगीर क्षेत्र के जैजैपुर रवाना होंगे। गुरुवार को रायपुर में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक हुई, जिसमें शहर से प्रदेश महामंत्री अटल श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी, शहर अध्यक्ष नरेन्द्र बोलर, महेश दुबे आदि उपस्थित थे।
कांग्रेस ने कोटमी को किया फाइनल : बसंतपुर भाड़ी के बाद कोटमी गांव है। यह पेंड्रा से 20 किलोमीटर की दूरी पर है। अजीत जोगी ने यहां एक बड़ी सभा कर अलग से पार्टी बनाने का ऐलान किया था। इसी जगह को कांग्रेसियों ने चुना है। यहां पार्किंग के लिए भी अच्छी जगह है। हेलीपेड भी बना हुआ है।
रात शहर में रुकेंगे : राहुल कोटमी में 17 मई को कार्यक्रम करने के बाद रात बिलासपुर में रहेंगे। 18 मई को संभाग स्तरीय बूथ कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। 18 मई के कार्यक्रम के लिए बेलतरा क्षेत्र में बहतराई स्टेडियम हॉल के लिए आवेदन दिया गया है।
ये है कार्यक्रम : राहुल गांधी छत्तीसगढ़ में दो दिन रहेंगे। वे 17 को आएंगे और 18 की शाम लौट जाएंगे। 17 मई को राजीव गांधी पंचायती राज का कार्यक्रम है। यह पंचायती राज के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हो रहा है। इसमें छग के साथ 4 राज्य मध्यप्रदेश, उड़ीसा व झारखण्ड के पदाधिकारी भी शामिल होंगे। 18 मई को सुबह 11 बजे बिलासपुर में 24 विधान सभा के बूथ अध्यक्षों से संवाद कार्यक्रम रखा गया है। इसके बाद रायपुर रवाना हो जाएंगे।
महंत व उइके बैरंग लौटे : मंगलवार को पूर्व मंत्री चरणदास महंत राम दयाल उइके पेंड्रा में गुरुकुल मैदान में कार्यक्रम करने की तैयारी से गए थे। लेकिन पता चला कि गुरुकुल का मैदान जोगी कांग्रेस ने तीन दिन के लिए बुक कर लिया है। इसके बाद कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष को कोटमी, गुरुकुल, बीएड कालेज मैदान के लिए आवेदन करने कहा गया, लेकिन प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक में कोटमी को फाइनल कर दिया गया है।
अनुमति दी जाएगी : पेंड्रा क्षेत्र में कांग्रेस के कार्यक्रम की रिपोर्ट नहीं आई है। एसडीएम की रिपोर्ट मिलने के बाद कार्यक्रम के लिए अनुमति दी जाएगी। बिलासपुर में होने वाले कार्यक्रम का पत्र मिल गया है।
पी. दयानंद, कलेक्टर बिलासपुर
Published on:
10 May 2018 06:33 pm
बड़ी खबरें
View Allबिलासपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
