
ठगी (फोटो सोर्स- Freepik)
Fraud News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है, जहां दोगुना मुनाफा दिलाने का लालच देकर एक महिला से 2 लाख रुपए ठग लिए गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान गोविंद कुमार (32 वर्ष) के रूप में हुई है, जो रायपुर जिले के गुडियारी थाना क्षेत्र अंतर्गत वृंदावन कॉलोनी, शिवानंद नगर, सेक्टर-3 का निवासी है। आरोपी ने बिलासपुर निवासी प्रार्थिया अंजना फ्रांसिंस को अपने झांसे में लेकर शेयर मार्केट में निवेश करने पर रकम दोगुनी करने का भरोसा दिलाया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने खुद को शेयर मार्केट का जानकार बताते हुए महिला का विश्वास जीता। उसकी बातों में आकर पीड़िता ने अलग-अलग समय पर चार किस्तों में कुल 2 लाख रुपए आरोपी को दे दिए। कुछ समय बाद जब न तो कोई मुनाफा मिला और न ही मूल रकम वापस की गई, तब महिला को ठगी का एहसास हुआ।
इसके बाद पीड़िता ने 16 फरवरी 2026 को तारबाहर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अपराध दर्ज किया और जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के रायपुर में होने की सूचना मिली, जिसके आधार पर टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी ने इस तरह की ठगी अन्य लोगों के साथ भी की है या नहीं।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निवेश से पहले संबंधित कंपनी या व्यक्ति की पूरी जानकारी और वैधता की जांच अवश्य करें। किसी भी प्रकार के लालच, खासकर कम समय में ज्यादा मुनाफा देने के वादों पर भरोसा न करें, क्योंकि ऐसे मामलों में ठगी की संभावना अधिक होती है।
Updated on:
22 Mar 2026 12:48 pm
Published on:
22 Mar 2026 12:48 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
