बिलासपुर. शुक्रवार की सुबह शहर में मंगलगीत के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। हजारों महिलाएं पीले रंग की साड़ी में शिरकत कीं। 9 दिवसीय भगवान श्री राम दिव्य कथा का शुभारंभ आज होगा।कथा पंडाल का निर्माणलाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में किया गया है। अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक मानस मर्मज्ञ संत विजय कौशल महाराज राम चरित मानस का रसपान कराएंगे। नौ दिवसीय श्रीराम कथा की स्थापना का श्रीगणेश भविष्य मंगल कलश शोभा यात्रा के साथ शुरू हुई। मंगल कलश यात्रा जगन्नाथ मंगलम से टैगोर चौक शिव टॉकीज चौक, पुराना हाई कोर्ट रोड, गांधी चौक, जूना बिलासपुर, हटरी चौक, सिटी कोतवाली मानसरोवर चौक से होते हुए लाल बहादुर शास्त्री शाला प्रांगण में पहुंची। श्रीराम कथा 11 से 19 फरवरी तक प्रतिदिन अपराह्न 3 बजे से सायं 6 बजे तक होगी।
कलश यात्रा के साथ पूरा शहर केसरिया रंग में नजर आया। इस दौरान बैंड बाजे, बग्गी और झांकियो को देखने लोग अपने घरों से बाहर आकर पवित्र केसरिया ध्वजा को प्रणाम किया। कलश यात्रा के दौरान माताएं-बहनों ने पीले परिधान में सिर में पर कलश लेकर प्रभु श्री राम का संकीर्तन कर शहर को सुरम्य बना दिया। विभिन्न जगहों पर कलश यात्रा का नागरिकों ने रंग-गुलाल और पुष्प वर्षा कर अपनी आस्था को जाहिर किया। कलश यात्रा के दौरान राम कथा के आयोजन को लेकर लोगों में जमकर उत्साह देखने को मिला। श्रीराम कथा आयोजन समिति के प्रमुख संरक्षक अमर अग्रवाल की अगुवाई में समिति के सदस्यों की तरफ से तैयारियां को लेकर लगातार जायजा लिया गया। हजारों श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था को लेकर लाल बहादुर स्कूल मैदान में विशाल पंडाल और आकर्षक मंच का अमर ने सदस्यों के साथ निरीक्षण किया।
कलश यात्रा में हजारों महिलाएं हुईं शामिल
बिलासपुर में श्रीराम कथा के लिए हुई विशाल मंगल कलश यात्रा में भक्ति भाव से पीले रंग का परिधान धारण किए हुए हजारों की संख्या में माताएं बहने लाल बहादुर शास्त्री शाला कथा स्थल मैदान में पहुचीं। एक ही रंग की साड़ी पहनी कलश यात्रा में माताओं बहनों को देखकर नगर वासियों में बसना का रंग नजर आया। मालूम हो बसना में विगत दिनों में 25हजार से ज्यादा की संख्या में माताएं बहनों ने एक ही रंग की साड़ी पहने कलश यात्रा में शामिल होकर गोल्डन बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराया था।
भगवान राम मतलब जीवन पद्धति-अमर
राम कथा आयोजन समिति मुख्य संरक्षक अमर अग्रवाल ने बताया कि भारत राम और कृष्ण की संस्कृति वाला देश है। भगवान राम का नाम सर्वधर्म समुदाय में बहुत ही आदर से लिया जाता है। श्रीराम का जीवन चरित्र मर्यादा और विनयशीलता का पर्याय है। संत मुख से राम कथा श्रवण का अवसर जीवन में सौभाग्य से मिलता है। अमर अग्रवाल ने बताया कि लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में 11 फरवरी से 19 फरवरी तक प्रतिदिन दोहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक मानस मर्मज्ञ विजय कौशल महाराज रामचरित की कथा की अमृत वर्षा करेंगे।महाराज श्री का मानना है कि भगवान और महापुरुषों को जाति के आधार पर नहीं देखना चाहिए। किसी भी व्यक्ति का जन्म तो किसी ने किसी सामाजिक व्यवस्था में ही होगा। लेकिन कोई भी महापुरुष किसी एक जाति के उत्थान के लिए नहीं आता। महापुरुष राष्ट्र और समाज के धरोहर हैं।
अमर ने किया श्रीराम कथा ग्रंथ का पूजन
श्री राम कथा के मुख्य यजमान अमर अग्रवाल और शशि अमर अग्रवाल ने श्रीराम कथा ग्रंथ का पूजन किया। कलश यात्रा के साथ श्री रामकथा ग्रंथों को कथा स्थल के लाया गया। व्यासपीठ पर विधि विधान से ग्रंथों को सम्मान के साथ स्थापित किया गया। मंगल कलश यात्रा में दस रामायण मानस गण मंडली के साथ 25000 से अधिक की संख्या में श्रद्धालुओं ने शिरकत की। इस दौरान सभी ने प्रभु श्री राम की भजन स्तुति के साथ प्रदेश के विकास और उन्नति की कामना की। कलश यात्रा में 101 रामायण पोथी यात्रियों ने विशेष रूप से भाग लिया।