
PNG कनेक्शन वालों को नहीं मिलेगा LPG सिलेंडर (फोटो सोर्स- X)
PNG Connection: बिलासपुर जिले में घरेलू गैस आपूर्ति का स्वरूप अब तेजी से बदलने जा रहा है। एलपीजी सिलेंडर पर निर्भरता कम करने की दिशा में अडानी टोटल गैस लिमिटेड ने पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) परियोजना पर काम तेज कर दिया है।
शहर में अब तक 330 घरों ने पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन किया है, जबकि करीब 30 घरों में पीएनजी मीटर लगाने के साथ कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कंपनी का दावा है कि 31 जुलाई तक घरेलू पीएनजी की नियमित सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। वर्तमान में कनेक्शन देने की शुरुआत राजकिशोर नगर से की गई है।
इसके बाद मोपका, सरकंडा और गीतांजलि सिटी के आवेदकों को चरणबद्ध तरीके से कनेक्शन दिए जाएंगे। कंपनी के अनुसार शहर में लगभग 54 किलोमीटर लंबी पीएनजी पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है और नेटवर्क का लगातार विस्तार किया जा रहा है।
उपभोक्ताओं के लिए कंपनी ने आसान भुगतान योजना लागू की है। पीएनजी कनेक्शन की कुल लागत करीब 6000 रुपए है, जिसमें मीटर, पाइपलाइन, फिटिंग और अन्य आवश्यक उपकरण शामिल हैं। उपभोक्ताओं के लिए ईएमआई सुविधा भी दी गई है।
कच्छार क्षेत्र में ट्रांसमिशन गैस प्लांट पूरी तरह तैयार हो चुका है और वहां नेचुरल गैस की आपूर्ति भी शुरू हो गई है। इसी प्लांट से पूरे शहर तक पाइपलाइन नेटवर्क तैयार किया गया है। कंपनी का कहना है कि घरेलू गैस सप्लाई के लिए आवश्यक अधिकांश आधारभूत ढांचा तैयार हो चुका है।
अडानी टोटल गैस लिमिटेड ने शहर में पीएनजी नेटवर्क को चरणबद्ध तरीके से विकसित करने की योजना बनाई है। पहले चरण में राजकिशोर नगर, मोपका, गीतांजलि सिटी और सरकंडा के अन्य क्षेत्र। वहीं, दूसरे चरण में मंगला और तीसरे चरण में कोनी क्षेत्र शामिल है। हालांकि इन क्षेत्रों में अधिकांश पाइपलाइन बिछ चुकी है, लेकिन फिलहाल तकनीकी परीक्षण और प्रारंभिक संचालन के चलते केवल राजकिशोर नगर से गैस आपूर्ति शुरू की जा रही है।
बिलासपुर में पीएनजी नेटवर्क के लिए अब तक 330 से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं के आवेदन प्राप्त हो चुके हैं और लगभग 30 घरों में मीटर स्थापना एवं कनेक्शन का कार्य शुरू हो गया है। लक्ष्य 31 जुलाई तक राजकिशोर नगर क्षेत्र में गैस सप्लाई प्रारंभ करना है। इसके बाद मोपका, सरकंडा, गीतांजलि सिटी सहित अन्य क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से कनेक्शन दिए जाएंगे। - विनोद साहू, स्टेट हेड, अडानी टोटल गैस लिमिटेड
Updated on:
02 Jul 2026 03:12 pm
Published on:
02 Jul 2026 02:43 pm
बड़ी खबरें
View Allबिलासपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
