पृथ्वी दिवस 2021 के मौके पर एक्ट्रेस दीया मिर्जा और शेखर कपूर ने लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया है। उन्होंने पर्यावरण को बचाने के बारे में खुलकर बात की है।
नई दिल्ली | दुनिया भर में आज अर्थ डे (World Earth Day) अपने अपने अंदाज में मनाया जा रहा है। हर साल इसे 22 अप्रैल को मनाया जाता है लेकिन इस बार कोविड-19 महामारी के चहते थोड़ा सावधानी के साथ मनाया जाएगा। लोग अपने घरों से ही इसके महत्व को समझाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में कुछ बॉलीवुड सेलेब्स भी इस कड़ी में पीछे नहीं हैं।
एक्ट्रेस दीया मिर्जा हमेशा से ही पर्यावरण के मुद्दों पर खुलकर बात करती रही हैं। अर्थ डे के मौके पर उन्होंने कहा कि हमें अधिकारियों को पर्यावरण में बदलाव के लिए जिम्मेदार ठहराना चाहिए हालांकि व्यक्तिगत तौर पर खुद भी इसके बदलाव के लिए प्रयास करने चाहिए।
दीया मिर्जा ने आगे कहा कि हमें पहले से ज्यादा तेजी से काम करने की जरूरत है। हर एक इंसान बेशक इसमें मदद कर सकता है लेकिन उसके साथ-साथ स्थायी जीवनशैली के लिए हमें सरकारों,उद्योग और समाज को जवाबदेह बनाने की भी आवश्यकता है। हमें वैज्ञानिक तथ्यों का प्रचार और प्रसार करने की आवश्यकता है जो अब पहले से कहीं ज्यादा आसान है। पर्यावरण और वाइल्ड लाइफ को बचाने वाले कैंपेन से हमे जुड़ना चाहिए और हमारे ग्रह को बचाने के लिए हर एक शख्स को इसके लिए काम करना होगा। ताकि ये बेहतर विश्व बन सके।
वहीं फिल्ममेकर शेखर कपूर ने कहा कि हमें पृथ्वी को हमारा ग्रह नहीं कहना चाहिए क्योंकि ये हमारा नहीं है। शेखर कपूर ने अपने ट्विटर पर ट्वीट करते हुए लिखा- जो भी मौजूद है वो प्रकृति है। प्रकृति सभी से समान रूप से प्यार करती है। हम अहंकार के साथ पृथ्वी को 'हमारा ग्रह' कहते हैं। ये हमारा नहीं है। और हम जो भी करेंगे प्रकृति हमेशा बची रहेगी। पृथ्वी ग्रह हमेशा बचा रहेगा। हम नहीं बचे पाएंगे। #पृथ्वीदिवस। इसके अलावा शेखर कपूर ने अपने इंस्टाग्राम पर खजुराहो मंदिर की एक ब्यूटीफुल फोटो भी शेयर की और कहा कि हम प्रकृति के साथ एक हैं इस सोच को आगे बढ़ाने की जरूरत है।