
हिंदी सिनेमा के शो मैन राज कपूर (Raj Kapoor) ना सिर्फ एक शानदार एक्टर थे बल्कि वो एक बेहतरीन डायरेक्टर भी रहे। जी हां दर्शकों के साथ-साथ खुद राज कपूर भी अपने आप को एक अच्छा डायरेक्टर मानते थे। इतना ही नहीं अपने जमाने के दिग्गज कलाकार मनोज कुमार लेजेंड राज कपूर के बेहद अजीज हुआ करते थे। बता दें कि मनोज कुमार ने पहली बार राज कपूर को तब देखा था जब छोटे से मनोज ‘श्री 420’ देखने गए थे। वह दिल्ली के एक थिएटर में थे, तो शो के दौरान कुछ गुंडों के एक समूह ने वहां हंगामा कर दिया। ऐसे में राज कपूर ने मंच पर छलांग लगा दी थी और उनकी ये दिलेरी देख कर मनोज कुमार उनके फैन हो गए थे। बता दें कि मनोज कुमार एक अभिनेता के साथ ही निर्देशक भी रहे।
मनोज कुमार ने कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया और कई शानदार फिल्मों का उन्होंने निर्देशन भी किया। उस समय हिंदी सिनेमा में इन दोनों कामों को एक साथ करने में शो मैन यानी कि राज कपूर को महारत हासिल थी। राज कपूर अभिनय भी गजब का करते थे और उन्होंने कई बेहतरीन फ़िल्में भी बनाई। मनोज कुमार भी राज कपूर के नक्शेकदम पर चलते हुए नज़र आए। हालांकि राज कपूर ने मनोज से एक दिल दुखाने वाली बात कहते हुए उन्हें ताना मार दिया था।
दरअसल, 1965 में हिंदुस्तान-पाकिस्तान की लड़ाई के बाद एक बार मनोज कुमार प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री से मिले, उन्होंने मनोज कुमार से कहा कि मैंने जो नारा दिया है 'जय जवान जय किसान', अगर इसे ध्यान में रख कर तुम कोई फिल्म बना सको। मनोज कुमार के दिल में ये बात बैठ गई उन्होंने सोच लिया कि जैसे ही मौका मिलेगा इस पर फिल्म जरूर बनाउंगा। शास्त्री जी से प्रेरित होकर मनोज कुमार ने फिल्म की कहानी लिख डाली। जब उन्होंने फिल्म 'उपकार' की अनाउंसमेंट की तब राज कपूर ने उनसे कहा कि 'या तो फिल्म में एक्टिंग कर लो या भी इसे डायरेक्ट कर लो, क्योंकि हर कोई राज कपूर नहीं होता जो दोनों काम सक्सेसफुली कर ले'।
फिल्म के डायरेक्टर भी मनोज कुमार थे और हीरो भी। इसलिए राजकपूर ने उन्हें ऐसी बात कही थी। हालांकि रिलीज के बाद फिल्म ने दमदार प्रदर्शन किया। बड़ी सफलता के बाद मनोज कुमार ने और भी फिल्में बनाईं। जिनमें ‘पूरब और पश्चिम’, ‘क्रांति’, ‘रोटी कपड़ा और मकान’ और ‘शोर’ शामिल हैं।
जब मनोज कुमार बतौर डायरेक्टर सफल होते गए तो राज कपूर को भी अपने कहे पर अफसोस होने लगा था। उन्हें एहसास हो गया था कि केवल वो ही डायरेक्शन और अभिनय एक साथ नहीं कर सकते। मनोज कुमार भी हैं जो दोनों काम को बखूबी कर रहे हैं। राज कपूर ने मनोज कुमार के हुनर का लोहा मानते हुए कहा था कि उन्हें लगता था कि केवल वो ही खुद के कॉम्पटीशन हैं, लेकिन उन्हें पता चल गया कि उनसे मुकाबला करने के लिए कोई और भी आ गया है। आपको बता दें कि मनोज कुमार की फिल्म 'उपकार' को 6 फिल्मफेयर और 3 नेशनल अवॉर्ड से नवाज़ा गया था। इस फिल्म में मनोज़ कुमार के अलावा प्राण और आशा पारेख ने भी बड़ी खूबसूरती से अपने किरदार निभाए।
Updated on:
13 Apr 2022 04:49 pm
Published on:
13 Apr 2022 04:30 pm
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
