बूंदी.अपराधों में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ बूंदी पुलिस ने बड़ी कारवाई को अंजाम दिया है। मात्र साढ़े तीन घंटे चले विशेष अभियान के दौरान पुलिस की गठित 65 टीम के 400 पुलिस कर्र्मियों ने जिले के 234 अलग-अलग स्थानों पर दबिशे देकर 281 अपराधियों को डिटेन किया है। पुलिस ने इनके ठिकानों पर तलाशी ली है। इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने के लिए सीओ से लेकर सिपाही तक रातभर कारवाई को अंजाम देने के लिए जुटे रहे है। पुलिस अधीक्षक जय यादव व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोरीलाल यहां कंट्रोल रुम से मॉनिटरिंग करते रहे। टीम ने बड़ी तादाद में शातिर बदमाश, हार्डकोर अपराधियों और स्थाई वारंटियों को पकड़ा है।
अपराधियों को दी हिदायत
कोतवाली थाना परिसर में जिला पुलिस अधीक्षक जय यादव ने सदर और कोतवाली थाना पुलिस द्वारा पकड़े गए अपराधियों को हिदायत देते हुए कहा कि या तो अपराध करना छोड़ दो,या फिर बूंदी छोड़ दो। बूंदी की पुलिस तुम्हें छोड़ेगी नहीं। सुधर जाओं खुद का तो जीवन अपराध में धकेल दिया ओर अब आने वाले युवाओं को अपराध की ओर धकेल रहे हो।