हिण्डोली. जिले में रविवार को तेज बारिश के बाद दरा का नयागांव के खाळ में बहे वनरक्षक लोकेश गुर्जर का शव सोमवार को ग्रामीणों को घटनास्थल से चार किलोमीटर दूर बडग़ांव के पास मिला।
जानकारी के अनुसार दबलाना थाना प्रभारी रामेश्ïववर चौधरी व वन विभाग के कई अधिकारी सुबह से ही शव की तलाश में जुटे रहे। ग्रामीणों ने भी घटना स्थल से दूर-दूर तक शव को तलाशते रहे। अंत में ग्रामीणों को घटना स्थल से चार किलोमीटर दूर बडग़ांव के पास शव नजर आया। शव को देखते ही घटना स्थल पर मौजूद परिजन बिलख पड़े। बाद में ग्रामीणों की मदद से शव को खाळ से निकाला गया और शव को वाहन से चिकित्सालय लाया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर परिजनों को सौंप दिया है।
यह था मामला
जिले में रविवार को तेज बारिश के बाद दरा का नयागांव में नाले में आए पानी में एक वनरक्षक व उसका साथी मोटरसाइकिल सहित बह गए थे। उसका साथी तो जैसे-तैसे पानी से बाहर निकल आया, लेकिन वनरक्षक का देर रात तक कुछ पता नहीं चल सका है। वन विभाग के अधिकारी व पुलिस वनरक्षक की तलाश में रात तक जुटी रही। इधर, वनरक्षक की मोटरसाइकिल नाले में करीब 100 मीटर की दूरी पर ही मिल गई। जानकारी के अनुसार रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व के दरा का नयागांव चौकी पर तैनात हापोलाई निवासी लोकेश कुमार गुर्जर अपने साथी के साथ दरा का नयागांव नाले से निकल रहा था। नाले पर करीब 5-6 फीट पानी होने से लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह मोटरसाइकिल लेकर उतर गया। तेज बहाव होने से वह असंतुलित होकर नाले में बह गया। उसका साथी किसी तरह से बचकर बाहर निकल गया। लोकेश को बहता देख लोगों ने वन विभाग और पुलिस को सूचना दी। इस पर वन विभाग और पुलिस के साथ मिलकर ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। देर रात तक भी लोकेश का पता नहीं चल सका। हालांकि लोकेश की मोटरसाइकिल करीब 100 मीटर की दूरी पर ही मिल गई।