12 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रथ में विराजे भगवान, जयकारों के बीच कराया भ्रमण

जय जगन्नाथ, जय रंगनाथ, जय गोविंदानाथ के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। बूंदी के आराध्य रंगनाथ स्वामी मंदिर पर जब भक्तों ने भगवान रंगनाथ व गोविंदानाथ का रथ खींचकर ठाकुरजी का आशीर्वाद लिया तो वातावरण पूरा धर्ममय हो गया।

2 min read
Google source verification

बूंदी

image

pankaj joshi

Jul 13, 2021

रथ में विराजे भगवान, जयकारों के बीच कराया भ्रमण

रथ में विराजे भगवान, जयकारों के बीच कराया भ्रमण

रथ में विराजे भगवान, जयकारों के बीच कराया भ्रमण
जिलेभर में रथयात्रा महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
जयकारों के साथ निकाली केशव भगवान की यात्रा
बूंदी. जय जगन्नाथ, जय रंगनाथ, जय गोविंदानाथ के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। बूंदी के आराध्य रंगनाथ स्वामी मंदिर पर जब भक्तों ने भगवान रंगनाथ व गोविंदानाथ का रथ खींचकर ठाकुरजी का आशीर्वाद लिया तो वातावरण पूरा धर्ममय हो गया।
मंदिर परिसर में परिक्रमा से निकाली गई रथयात्रा के आगे भक्त प्रभु भक्ति में लीन होकर नाचते हुए दिखाई दिए। अवसर था रथयात्रा महोत्सव का। जिलेभर में सोमवार को बड़े हर्षोल्लास व उत्साह के साथ भगवान को रथ में बैठाकर परिक्रमा कराई गई। पंडित रघुनंदनराज मुखिया व मुकेश शर्मा ने मंत्रोच्चारण के साथ भगवान को रथ में सुशोभित किया। भगवान जगन्नाथ को पीले रंग की कुटिया व पीले रंग के परिधान, वहीं नाहर का चौहट्टा स्थित जगदीश मंदिर पर भगवान जगन्नाथ स्वामी, ***** सुभद्रा एवं भगवान बलभ्रद की प्रतिमाओं का महंत गोविद पारीक ने शृंगार किया और आरती उतारी। भक्तजनों व शृद्धालुओं ने आरती गाई।
इधर, जनजन के आराध्य चारभुजा नाथ मंदिर पर भगवान चारभुजा के प्रतीक के रूप में बाल गोपाल को रथ में बैठाया और मंदिर परिसर में भ्रमण कराया। पंडित ओमप्रकाश शर्मा एवं पूरण शर्मा ने आरती उतारी। मंदिरों में रथ के आगे लगी रस्सियों को खींचकर भक्तों ने भगवान के जयकारे लगाकर खुशी महसूस की। समापन के साथ श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान समिति के अध्यक्ष पुरुषोत्तम लाल पारीक, नवल शृंगी, विजय शंकर टेलर, रामकल्याण बील्या, गणेशदत्त व्यास, जगदीश शर्मा, पूजा मूंदड़ा, निर्मला व्यास आदि मौजूद रहे।
केशवरायपाटन. भगवान केशवराय महाराज के मंदिर पर सोमवार को रथयात्रा उत्सव मनाया गया। भगवान के पुजारियों ने जयकारों के साथ रथ यात्रा निकाली। कोरोना की वजह से रथयात्रा में श्रद्धालु शामिल नहीं हो पाए। केशव भक्तों ने दूर से ही भगवान के दर्शन किए। इस अवसर पर भगवान केशव का मनमोहक शृंगार करवाया गया। केशव मंदिर परिसर में शाम साढ़े पांच बजे बाद पुजारियों ने रथ को सजाकर यात्रा शुरू की। पुजारी भजन कीर्तन करते हुए चल रहे थे। भगवान के रथ के साथ केशव मंदिर परिसर में परिक्रमा के बाद आरती की गई।
देई. कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रथयात्रा मनाई गई। श्रद्धालुओं ने मंदिरों में भगवान के दर्शन कर पुण्य प्राप्त किये। कोरोना की वजह से इस वर्ष भी कार्यक्रमों का आयोजन नहीं हुआ। लोगों ने घरों में ही भगवान की पूजा-अर्चना कर भोग लगाकर रथयात्रा मनाई। कस्बे के चारभुजानाथ मंदिर पुजारी मुरलीधर पाराशर ने बताया कि रथयात्रा पर मंदिर में स्थित ठाकुरजी की प्रतिमाओं का शृंगार कर भोग लगाया। बांसी रोड स्थित श्याम मंदिर में बाबा की प्रतिमा का विशेष शृंगार किया गया।
कापरेन. कस्बे में प्राचीन समय से चली आ रही धार्मिक परम्परा के तहत सोमवार को गढ़ पैलेस स्थित बलदाऊजी महाराज मन्दिर से भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली गई। रथयात्रा शाम को मंदिर से विधिवत रूप से पूजा-अर्चना के साथ सुसज्जित रथ में शुरू हुई। पंडित सतीश कुमार ओझा ने पूजा अर्चना के बाद भगवान जगन्नाथ, बलदाऊ व सुभद्रा की सुसज्जित प्रतिमा को मंत्रोच्चार के साथ रथ में विराजमान कर यात्रा विहार के लिए रवाना किया गया।