13 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बूंदी

विधानसभा आम चुनाव 2023 : बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं ने होम वोटिंग सुविधा से मतदान कर दिया लोकतंत्र में प्रगाढ आस्था का परिचय-video

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राजस्थान निर्वाचन विभाग की ओर से 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों एवं 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग श्रेणी के विशेष योग्यजन मतदाताओं के लिए पहली बार विधानसभा आम चुनाव-2023 में होम वोटिंग की पहल की गई है।

Google source verification

बूंदी

image

pankaj joshi

Nov 15, 2023

विधानसभा आम चुनाव 2023 : बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं ने होम वोटिंग सुविधा से मतदान कर दिया लोकतंत्र में प्रगाढ आस्था का परिचय-video
बूंदी. भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राजस्थान निर्वाचन विभाग की ओर से 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों एवं 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग श्रेणी के विशेष योग्यजन मतदाताओं के लिए पहली बार विधानसभा आम चुनाव-2023 में होम वोटिंग की पहल की गई है। आयोग की पहल पर पहली बार घर से ही पात्र मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक मतदान कर लोकतंत्र में अपनी प्रगाढ़ आस्था का परिचय भी दिया। जिले की हिण्डोली, केशोरायपाटन एवं बूंदी विधानसभा क्षेत्रों के पात्र मतदाताओं को होम वोटिंग की सुविधा से मतदान करवाया गया।

बूंदी विधानसभा क्षेत्र में शहर के गुरूनानक कॉलोनी क्षेत्र में पात्र मतदाताओं को दी जा रही होम वोटिंग सुविधा का सामान्य पर्यपेक्षक हिण्डोली हरीश नैय्यर ने अवलोकन कर मतदान की व्यवस्थाए देखी। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. रविन्द्र गोस्वामी, जिला पुलिस अधीक्षक जय यादव, रिटर्निंग अधिकारी बूंदी विधानसभा क्षेत्र सोहनलाल ने भी मतदान दलों द्वारा 80 वर्ष से अधिक आयु के बुर्जुग तथा 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग पात्र मतदाताओं को मिल रही होम वोटिंग सुविधा का निरीक्षण किया।

मतदान के बाद जताया आभार
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से पहली बार बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाओं के लिए भारत निर्वाचन आयोग की ओर से दी गई होम वोटिंग सुविधा से मतदान करने के बाद मतदाता प्रसन्न नजर आए और होम वोटिंग सुविधा के लिए आभार जताया। विकास नगर निवासी 103 वर्षीय बुद्धी बाई, लंकागेट निवासी इब्राहीम भाई (86 वर्ष), चन्द्रशेखर शर्मा (85 वर्ष) , दिव्यांग 78 वर्षीय संदा कंवर, दिव्यांग कुबेर चंद शर्मा (79 वर्ष), गुरूनानक कॉलोनी निवासी दिव्यांग भंवर सिंह 26 साल दिव्यांग, वार्ड संख्या 13 निवासी 82 वर्षीय अर्जुनदास तथा दिव्यांग विकास नगर निवासी लोकेन्द्र ने होम वोटिंग की सुविधा को सराहा।

बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा घर-घर जाकर चिन्हित 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों एवं 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग श्रेणी के विशेष योग्यजन मतदाताओं को होम वोटिंग की जानकारी दी गई। इस सुविधा का लाभ लेने का विकल्प चुनने वाले पात्र मतदाताओं के घर-घर जाकर होम वोटिंग करवाई गई।

पहले दिन 177 मतदाताओं को मिली सुविधा
जिले की 3 विधानसभाओं में पहले दिन पात्र 177 मतदाताओं को होम वोटिंग सुविधा दी गई। होम वोटिंग सुविधा के तहत बूंदी विधानसभा क्षेत्र में 117 में से 64, केशोरायपाटन विधानसभा क्षेत्र में 72 में 70 तथा हिण्डोली विधानसभा क्षेत्र में 43 में से 43 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। बुधवार को होम वोटिंग सुविधा का लाभ देने के लिये मतदान दल जिले की सभी विधानसभा क्षेत्र में निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार पात्र मतदाताओं के घर तक पहुंचे। यहां सभी आवश्यक तैयारियों के बाद निर्वाचन प्रक्रिया के तहत बूथ बनाकर पूरी गोपनीयता के साथ होम वोटिंग करवाई गई।

आज भी जारी रहेगी होम वोटिंग की सुविधा
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने बताया कि 16 नवंबर को भी पात्र मतदाताओं को होम वोटिंग की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि 16 नवंबर को भी मतदान दलों द्वारा जिले की तीन विधानसभा क्षेत्र के 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों एवं 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग श्रेणी के विशेष योग्यजन पात्र मतदाताओं को होम वोटिंग की सुविधा दी जाएगी।