गेण्डोली. नोताडा. क्षेत्र के खेडिया दुर्जन गांव के समीप खेत में शुक्रवार को उड़द निकलवाते समय थ्रेसर की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई । जानकारी अनुसार कंवरपुरा निवासी मृतक भंवरलाल मीणा (46) पुत्र बालाराम मीणा का खेडिया दुर्जन गांव में ससुराल था और उसने यहां ज्वारा काश्त पर जमीन ले रखी थी, जिसमें उड़द की फसल थी।शुक्रवार शाम को फसल
निकलवाने के दौरान गले की साफी कटर में उलझने से वह फंदे के साथ ही थ्रेसर में चला गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलते ही लोगों ने घटनास्थल पर पहुंचकर थ्रेसर में फंसे शव के टुकड़ों को बाहर निकाला। गेण्डोली थाना पुलिस ने मर्ग दर्ज करके शव का बूंदी चिकित्सालय में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द किया।शव का शनिवार को गांव में पहुंचने पर गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
किसान की मौत से परिवार में मचा कोहराम
जानकारी अनुसार मृतक के परिवार में वह अकेला ही कमाने वाला था। उसकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा और घर में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी व बच्चे बिलखते रहे। वहीं इस घटना से परिवार के दूसरे दिन तक भी चुल्हे नहीं जले।