छात्रसंघ चुनाव के लिए कॉलेजों में शनिवार को नामांकन दाखिल हुए। प्रत्याशी जुलूस के रूप में नामांकन दाखिल करने पहुंचे।
- छात्रसंघ चुनाव
- पीजी कॉलेज में दो पदों पर एनएसयूआई को नहीं मिले प्रत्याशी
- गल्र्स कॉलेज में दो पदों पर एबीवीपी की निर्विरोध जीत
बूंदी. छात्रसंघ चुनाव के लिए कॉलेजों में शनिवार को नामांकन दाखिल हुए। प्रत्याशी जुलूस के रूप में नामांकन दाखिल करने पहुंचे। बूंदी के पीजी और गल्र्स कॉलेज में दिनभर खासी चहल-पहल बनी रही। बूंदी के पीजी कॉलेज में इस बार दो पदों पर सीधी टक्कर रहेगी। वहीं दो पदों पर त्रिकोणीय संघर्ष होगा। गल्र्स कॉलेज में दो पदों पर ही मतदान होगा। यहां दो पदों पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की प्रत्याशी निर्विरोध चुनी गई। दोनों कॉलेजों में नामांकन रैलियों के दौरान छात्र-छात्राएं ढोल की थाप पर थिरकते रहे। अब सोमवार को सुबह १० बजे वैध नामांकन की सूची का प्रकाशन होगा। इसी दिन नाम वापसी के बाद उम्मीदवारों की तस्वीर साफ हो जाएगी। छात्रसंघ के लिए वोट ३१ अगस्त को सुबह ८ से दोपहर १ बजे तक पड़ेंगे।
इन्होंने दाखिल किया नामांकन
बूंदी के पीजी कॉलेज में अध्यक्ष पद के लिए बनवारी लाल कहार (एनएसयूआई), विकास मीणा (ग्रामीण छात्र संगठन), भगवान गुर्जर (एबीवीपी), रामसपूत गोचर (निर्दलीय), उपाध्यक्ष के लिए जगजीत सिंह (ग्रामीण छात्र संगठन), दिनेश कुमार सैनी (एबीवीपी), महासचिव के लिए शंभूकुमार सैनी (एनएसयूआई), नरेश मेघवाल (एबीवीपी), अंकित सोहिल (ग्रामीण छात्र संगठन), संयुक्त सचिव के लिए प्रियंका शर्मा (एबीवीपी), आबिद हुसैन (ग्रामीण छात्र संगठन) ने नामांकन दाखिल किया।
गल्र्स कॉलेज में अध्यक्ष के लिए साक्षी चौहान (एबीवीपी), सुनिता मीणा (एनएसयूआई), उपाध्यक्ष के लिए प्रियंका सैनी (एबीवीपी),दीपकंवर गुर्जर (एनएसयूआई), संयुक्त सचिव के लिए मीनाक्षी कुमारी रैगर (एबीवीपी) एवं सलोनी शर्मा (एबीवीपी) ने नामांकन भरा।
छात्र प्रतिनिधि के लिए नहीं रुचि
कॉलेजों में छात्र प्रतिनिधि के लिए रुचि नहीं दिखाई। पीजी कॉलेज में मात्र एक जने ने पर्चा दाखिल किया। जबकि गल्र्स कॉलेज में छात्राओं ने कोई नामांकन नहीं भरा। यही हाल राजकीय विधि महाविद्यालय में रहे।
चुनाव आचार संहिता की उड़ी धज्जियां
छात्र संगठनों ने नामांकन दाखिल करके के दिन ही चुनाव आचार संहिता की खुली धज्जियां उड़ाई। कॉलेज प्रशासन मौन होकर देखता रहा। पीजी कॉलेज में नामांकन भरने के लिए विभिन्न छात्र संगठन जुलूस लेकर पहुंचे। खुली जीपें, ढोल और दर्जनों छात्र झंडे बैनर लिए हुए जुलूस में शामिल थे। इन्हें किसी ने नहीं टोका। कॉलेज प्रशासन ने किसी भी छात्र संगठन को नोटिस जारी नहीं किया। जबकि चुनाव आचार संहिता के अनुसार कॉलेज परिसर के बाहर रैलियां और जुलूस पर पूर्ण पाबंदी लगी हुई है। प्रत्याशी और छात्र संगठन सिर्फ हस्तलिखित बैनर, पोस्टर का ही उपयोग कर सकते हैं। वह भी सिर्फ महाविद्यालय की ओर से उपलब्ध कराए गए स्थान पर।