भण्डेड़ा. क्षेत्र में मसूर की फसल में रोग लगने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। क्षेत्र की दो ग्राम पंचायत के अधीन लगने वाले 10 गांवों के कृषि क्षेत्र में किसानों ने मसूर की बुवाई की थी। फसल को एक महीने से अधिक समय हो चुका है, लेकिन फसल सूखने लगी है। खेतो में नाममात्र के पौधे नजर आ रहे हैं। किसानों का कहना है कि उगटा रोग लगने से फसल खराब हो रही है। कृषि पर्यवेक्षक सुशीला नागर का कहना है कि किसानों को बीज उपचारित कर फसल की बुवाई करनी चाहिए। यह उगटा रोग है। फसल को ज्यादा नमी की जमीन में बुवाई नहीं करना चाहिए। इसकी रोकथाम के हल्का पानी से सिंचाई करने से ही फसल को बचाया जा सकता है। यदि इस समय चल रहे मौसम से बरसात हो जाती है तो यह रोग रुक जाएगा। गौरतलब है कि पहले बारिश के कारण फसलों को नुकसान हुआ था। गत दो दिनों से भी बारिश होने से किसानों की चिंता बढ़ी हुई है। इधर फसल में रोग लगने से किसानों की परेशानी दुगुनी हो गई है।