राष्ट्रीय राजमार्ग 52 बेशखा स्थित बाईपास पर गर्मी में 45 डिग्री तापमान पर सैकड़ों यात्री सूर्य की तपन में बसों के इंतजार में खड़े रहते हैं। जिससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है।
हिण्डोली. राष्ट्रीय राजमार्ग 52 बेशखा स्थित बाईपास पर गर्मी में 45 डिग्री तापमान पर सैकड़ों यात्री सूर्य की तपन में बसों के इंतजार में खड़े रहते हैं। जिससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है।
जानकारी के अनुसार विगत 6 महीने से यहां पर ओवरब्रिज निर्माण कार्य शुरू होने के चलते बूंदी कोटा से जयपुर की तरफ जाने वाली बसें सीधे बाईपास से गुजर रही है। जिससे यहां पर अघौषित बस स्टैंड बन गया है। कट पर सुबह से देर रात तक सैकड़ों की संख्या में यात्री बसों में यात्रा करने के लिए आते हैं। लेकिन भीषण गर्मी में बसों के इंतजार में सूरज की तपन में खड़े रहते हैं। यहां पर यात्रियों को छाया पानी की व्यवस्था नहीं है। दिन के समय बसों की आवाजाही कम रहने से आधे घंटे तक सड़क किनारे खड़ा रहना पड़ता है।
रविवार दोपहर डेढ़ बजे बड़ी संख्या में यात्री सड़क किनारे खड़े थे। एक व्यक्ति को चक्कर आने से वह सड़क पर ही बैठ गया। आसपास पानी की सुविधा नहीं है। यहां पर खड़े यात्रियों का कहना है कि इस भीषण गर्मी में सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक यात्रियों को बसों के इंतजार में खड़ा रहना पड़ता है। लेकिन प्रशासनिक अधिकारी, राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी व नगर पालिका के अधिकारी यहां पर छाया पानी का ध्यान नहीं दे रहे हैं। जिससे यात्रियों के हाल बुरे हैं।