
झरनों और बांध की पाल से गिरता पानी। हो-हल्ला करती युवाओं की टोली। जिसे देखो वही मानसूनी मस्ती में भीगता दिखाई दिया। पिकनिक स्थलों पर यह सिलसिला सुबह ही शुरू हुआ, जो शाम ढलने तक जारी रहा।
रविवार की छुट्टी और मौसम सुहाना बना रहने के बाद बड़ी संख्या में लोग पिकनिक स्थलों पर पहुंचे। तालेड़ा के निकट स्थित बरधा बांध, भीमलत और रामेश्वरम का झरना सैलानियों से अटा रहा। बरसात के मौसम में बरधा बांध पर चादर चलने का लोगों को बेसब्री से इंतजार था।
खाना-पीना सब कुछ यहीं
पिकनिक स्थलों पर आए सैलानियों ने नहाने के साथ-साथ खाने का इंतजाम भी किया था। परिवार की महिलाएं पिकनिक स्थलों पर ही खाना बनाने में जुटी रही। कुछ लोग हलवाई साथ लेकर पहुंचे। सैलानियों ने दाल बाटी व चूरमा का आनंद लिया।
पियक्कड़ों का रहा जमावड़ा
पिकनिक स्थलों पर पियक्कड़ों का भी जमावड़ा रहा। बरधा बांध पर बड़ी संख्या में पियक्कड़ खुले में जाम छलकाते दिखे। इन्हें रोकने वाला यहां कोई नहीं था। शराब की बोतलें पानी में फेंकने से नहा रहे कई लोग जख्मी हो गए। पियक्कड़ों की सर्वाधिक भीड़ नाले के निकट दिखाई पड़ी। यही हाल भीमलत बांध पर रहे। रामेश्वरम में समिति सदस्यों के निगरानी बनाए रखने से पियक्कड़ों ने दूरी रखी।
वैग पर गिरा झरना
बसोली. भीमलत झरने में बूंदी के साथ ही कोटा, जयपुर, झालावाड़, टोंक, देवली व भीलवाड़ा से भी बड़ी संख्या में लोग पिकनिक मनाने पहुंचे। जो शाम तक डंटे रहे। भीमलत बांध पर चादर चलने से झरना पूरे वैग से गिरा। झरना तेज होने से यहां नाले में बह रहे पानी में लोगों ने जमकर मस्ती की।
छुट्टी ने बढ़ाया मजा
तलवास. क्षेत्र के पिकनिक स्थलों पर पर्यटकों का खूब जमावड़ा रहा। महलां धुंधलेश्वर महादेव के कुंडों में लोगों ने नहाने का लुत्फ उठाया। छुट्टी का दिन होने से मजा दोगुना रहा।
खराब सड़क में फंसते रहे वाहन
बरधा बांध पर पहुंचने के लिए सड़क जर्जर होने से लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। तलवास क्षेत्र के महलां धुंधलेश्वर की सड़क भी जर्जर थी। रास्ते में फिसलन की वजह से कई वाहन कीचड़ में फंस गए।
Published on:
01 Aug 2016 05:16 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
