11 मार्च 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bundi : पुलिस हिरासत में पॉक्सो के आरोपी की मौत, पूरा थाना लाइन हाजिर

जिले के इंद्रगढ़ थाने में पॉक्सो के मामले में गिरफ्तार युवक की हिरासत में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों और लोगों ने थाने के बाहर प्रदर्शन किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

2 min read
Google source verification
पुलिस हिरासत में पॉक्सो के आरोपी की मौत, पूरा थाना लाइन हाजिर

इंद्रगढ़ थाने के बाहर प्रदर्शन करते युवक।

बूंदी. इंद्रगढ़. जिले के इंद्रगढ़ थाने में पॉक्सो के मामले में गिरफ्तार युवक की हिरासत में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों और लोगों ने थाने के बाहर प्रदर्शन किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। परिजनों ने 50 लाख रुपए मुआवजा, एक जने को सरकारी नौकरी और पूरे इंद्रगढ़ थाने के स्टाफ को बदलने की मांग की है। वहीं देर शाम प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने थाने के अंदर पत्थर भी फैंके।


जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने 27 फरवरी अपनी नाबालिग पुत्री को भगाकर ले जाने का मामला दर्ज कराया था। युवती को आठ मार्च को दस्तायाब कर लिया गया था। इस मामले में पुलिस ने रविवार को करवर निवासी दिनेश (23) पुत्र मांगीलाल सैनी को हिरासत में लिया गया था। दिनेश पेशे से मिस्त्री का कार्य करता था। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम करीब छह बजे दिनेश को उसे गंभीर अवस्था में थाने से इंद्रगढ़ अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे कोटा रेफ र कर दिया गया। कोटा ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस हिरासत में दिनेश की मौत की सूचना मिलने पर मंगलवार रात को इंद्रगढ़ थाने के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा, लाखेरी पुलिस उपाधीक्षक नरेंद्र नागर, लाखेरी थानाधिकारी सुभाष चंद्र अधिकारी सहित आसपासके थानों का पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंच गया।

मारपीट का आरोप
मृतक दिनेश के मामा शिवजी लाल सैनी ने आरोप लगाया कि दिनेश को पुलिस ने तीन दिन पहले ही पकड़ लिया था। थाने में उसके साथ मारपीट की गई। उन्होंने बताया कि दिनेश एक लड$की को लेकर जयपुर गया था, जहां सांगानेर थाना क्षेत्र में उसे पकड़ लिया गया। बाद में उसे इंद्रगढ़ थाने लाया गया, यहां थाने में मारपीट के कारण उसकी मौत हो गई।

अधिकारियों ने साधी चुप्पी
आरोपी की मौत के बाद इंद्रगढ़ थाने से लेकर पुलिस अधीक्षक तक मामले को लेकर चुप्पी साध ली। किसी ने इस बारे में जानकारी देने के लिए मोबाइल कॉल रिसीव नहीं किए। रात करीब आठ बजे मृतक के पिता मांगीलाल थाने पहुंचे, लेकिन उन्हें भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

थाने के जवान एक बीमार व्यक्ति को अस्पताल लेकर आए थे, जिसकी हालत गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद युवक को कोटा रेफर कर दिया गया। युवक के गले में निशान थे। थाने के जवानों ने बताया कि युवक ने थाने में आत्महत्या का प्रयास किया था। गंभीर अवस्था में ऑक्सीजन लगाकर उसे 108 एंबुलेंस से कोटा भेजा गया।
डॉ. धर्मेंद्र गुप्ता, चिकित्सा प्रभारी सामुदायिक चिकित्सालय इंद्रगढ़