
युवाओं द्वारा किए गए श्रमदान के बाद निखरा कुंड का सौंदर्य।
बूंदी. शहर की समृद्ध विरासत की बेकद्री को देखते हुए पौराणिक सम्पदा की स्वच्छता व संरक्षण के लिए युवा श्रमदान के लिए आगे आए है। बारिश के बाद लबालब हुए कुंड बावड़ियो का सौंदर्य निखर गया है, लेकिन यहां के आमजन ही कुंड बावड़ियों में कचरा डाल के खूबसूरती पर ग्रहण लगा रहे है।
विदेशी पर्यटक कुंड बावड़ियों के फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर डालते है और लिखते है बूंदी की विरासत की बेकद्री इससे आहत शहर के रामेष्ट युवा मंडल संस्थान के सदस्यों ने कुंड बावड़ियों को स्वच्छ बनाने का बीड़ा उठाया है। मंडल के सदस्यों ने गुरुवार को चौगान गेट स्थित नागर-सागर कुंड में जमा गंदगी को साफ कर कचरा कुंडों से बाहर निकाला और कुंडों को स्वच्छ व सुंदर बना दिया।
मंडल के अध्यक्ष शिखर पंचोली, सदस्य सोनू कुमार सैनी ने कुंड के अंदर ट्यूब में बैठकर कुंडों के अंदर जमा गंदगी में जाकर सारा कचरा खरपतवार, प्लास्टिक की थैलियों सहित गंदगी को बाहर निकाला व सीढ़ियों को पानी से साफ किया। मंडल के सदस्य गोलू गुर्जर, शुभ सैनी, शैलेन्द्र सिंह, दीपेश सैनी, अंकुश हाड़ा, तुषार सैनी, मयंक, शिव व नमन दाधीच ने कुंड को साफ करने में अपनी भूमिका निभाई ।
मंडल से जुड़े भूपेंद्र योगी ने बताया की यह सदस्य कई समय से शहर के कुंड बावड़ियों को स्वच्छ व सुंदर बनाने में जुटे हुए है। सभी सदस्यों ने मिलकर पूर्व में भी सूरज छतरी, बाला कुंड डोबरा महादेव, दधिमती माता बावडी में श्रमदान कर कचरा मुक्त किया। नागर सागर कुंड में किए गए श्रमदान में व्यापार संघ की ओर से निरंजन जिंदल, अमित गौतम, महावीर भड़कत्या व पर्यटन छायाकार नारायण मंडोवरा ने सहयोग किया व आमजन से इन कुंडों में कचरा नही डालने की अपील की।
Published on:
12 Sept 2025 06:02 pm
बड़ी खबरें
View Allबूंदी
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
