- जन आशीर्वाद यात्रा में सरकारी कर्मचारी का डांस- पशुपालन विभाग में पदस्थ हैं कर्मचारी- सोशल मीडिया पर वायरल हुआ डांस वीडियो- विधायक सुमित्रा कास्डेकर के पति हैं कर्मचारी
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अपनी कमर कस ली है। चुनाव से करीब तीन महीने पहले मध्य प्रदेश की सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी ने 2023 के विधानसभा चुनाव से एक बार फिर सत्ता में बने रहने की कवायद तेज करते हुए 'जन आशीर्वाद यात्रा' की शुरुआत की है। इस दौरान भाजपा की ओर से एक नहीं, बल्कि पांच यात्राएं निकली जा रही है। ये पांचों यात्राएं 17 से 21 दिनों के भीतर मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों में से 211 सीटों से गुजरेगी।
वहीं बुरहानपुर की नेपानगर विधानसभा से विधायक सुमित्रा कास्डेकर के सरकारी कर्मचारी पति राजेश कास्डेकर का यात्रा में चलते हुए डांस करने का एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। सामने आए वीडियो में सरकारी कर्मचारी होने के बावजूद राजेश भारतीय जनता पार्टी की जन आशीर्वाद यात्रा में डांस करते हुए नजर आ रहे हैं। रथ के आगे विधायक पति डांस करते हुए चले जा रहे हैं। वहीं उनके साथ कुछ महिलाएं, पुरुष और भाजपा के नेता भी शामिल हैं।
वायरल हुआ यात्रा में डांस वीडियो
आपको बता दें कि, विधायक सुमित्रा कास्डेकर के पति राजेश कास्डेकर पशुपालन विभाग में नौकरी करते हैं। वो बुरहानपुर के डेढ़तलाई में पदस्थ हैं। ऐसे में बीजेपी की यात्रा में सरकारी कर्मचारी होते हुए डांस करने के मामले पर फिलहाल सोशल मीडिया पर चर्चा का दौर शुरु हो चुका है। पर मामला गरमा सकता है। कांग्रेस इसे मुद्दा बना सकती है।