
Retail Inflation: आलू और मटर की कीमत में गिरावट आई है।
CPI Inflation June 2026: जून 2026 में देश की खुदरा महंगाई बढ़कर 4.38% हो गई है। यह मई 2026 में 3.93 फीसदी थी। खाने-पीने की वस्तुओं की कीमतों में तेजी के चलते खुदरा महंगाई में यह इजाफा हुआ है। सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, जून में खाद्य महंगाई 5.32% दर्ज की गई है। यह मई 2026 में 4.78 फीसदी थी। इस बार भी ग्रामीण इलाकों में शहरों की तुलना में अधिक महंगाई देखने को मिली। ग्रामीण इलाकों में खुदरा महंगाई 4.74 फीसदी रही। जबकी शहरी क्षेत्र में यह 3.92 फीसदी रही।
इंडिविजुअल आइटम्स की बात करें, तो अदरक की कीमतों में सबसे अधिक इजाफा हुआ है। इसकी महंगाई साल दर साल आधार पर 50.41 फीसदी रही। टमाटर भी महंगे बने हुए थे। इनकी कीमतों में 31.92 फीसदी का इजाफा हुआ। वहीं, किशमिश में 20.52 फीसदी की महंगाई दर्ज हुई।
कीमती धातुओं में लगातार महंगाई देखने को मिल रही है। गोल्ड, डायमंड और प्लेटिनम जूलरी में महंगाई 36.82 फीसदी रही। इसके अलावा, चांदी की जूलरी में महंगाई 133.21 फीसदी रही। वहीं, हाउसिंग महंगाई जून में सिर्फ 2.10 फीसदी रही।
एक तरफ जहां कई वस्तुओं की कीमतों में इजाफा हुआ, तो दूसरी तरफ कई वस्तुओं के दाम गिरे भी हैं। इन वस्तुओं के दाम एक साल पहले की तुलना में कम रहे। आलू की कीमतों में 20.3 फीसदी की गिरावट आई। मटर की कीमत में 9.67 फीसदी की गिरावट रही। इसके अलावा, जीरा, मोटरसाइकिल्स, स्कूटर्स और मोटर कारों की कीमतों में भी साल दर साल आधार पर गिरावट है।
Updated on:
13 Jul 2026 05:32 pm
Published on:
13 Jul 2026 04:55 pm
