
रुजा इग्नाटोवा 2017 से गायब है। ()PC: FBI/AI
Ruja Ignatova latest news: निवेशकों को करीब 4 अरब डॉलर का चूना लगाने वाली क्रिप्टो क्वीन रुजा इग्नाटोवा (Crypto Queen Ruja Ignatova) को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। एफबीआई की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल रुजा इग्नाटोवा के जिंदा होने का दावा किया जा रहा है। इग्नाटोवा बुल्गारिया मूल की जर्मन नागरिक है और 2017 से गायब है। उस पर क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर 4 अरब डॉलर से अधिक की धोखाधड़ी का आरोप है। अमेरिकी एजेंसी FBI काफी समय से उसकी तलाश में है। 2022 में एफबीआई ने उसे भगोड़े अपराधियों की टॉप-10 लिस्ट में शामिल किया था।
बुल्गारिया ने 2023 में रुजा इग्नाटोवा की हत्या की बात कही थी। बुल्गारिया के ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग एंड डेटा ने 2023 में पुलिस दस्तावेजों का हवाला देते हुए बताया था कि इग्नाटोवा की 2018 में हत्या कर दी गई और उसकी बॉडी के टुकड़े करके सागर में फेंक दिए गए। हालांकि, अब जर्मन पुलिस के एक टॉप अधिकारी ने उसके जिंदा होने का दावा किया है। मेट्रो यूके की रिपोर्ट के अनुसार, मामले की जांच में शामिल एक जर्मन पुलिस अधिकारी ने एक पॉडकास्ट में बताया कि रुजा इग्नाटोवा जिंदा हो सकती है। उन्होंने कहा कि बुल्गारिया पुलिस अपनी थ्योरी को सही साबित करने के लिए कोई सबूत नहीं दे पाई है।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि रुजा इग्नाटोवा को लेकर अब तक केवल कयास ही लगाए जा रहे हैं। अगर उसके जिंदा होने का कोई सबूत नहीं है, इस बात का भी कोई सबूत नहीं है कि वो मर चुकी है। अधिकारी ने आगे कहा कि इग्नाटोवा को क्रिप्टो क्वीन कहा जाता है, उसके पास बहुत पैसा है। इस वजह से उसके लिए एक देश से दूसरे देश भागना और छिपना आसान है। हालांकि, मुझे पूरा विश्वास है कि हम उसे पकड़ लेंगे। हमें बस उसकी एक गलती का इंतजार है। अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो कभी न कभी कोई न कोई गलती जरूर करता है और हमें उसी का इंतजार है।
इग्नाटोवा के कई देशों में होने के दावे किए गए हैं। लंदन, वर्जिन आइलैंड्स, थाईलैंड, एथेंस और दुबई में उसे देखा गया है। 2024 में जर्मन पब्लिक ब्रॉडकास्टर ARD ने अपनी रिपोर्ट में इग्नाटोवा के दक्षिण अफ्रीकी शहर केप टाउन में होने की बात कही थी। हालांकि, इन सभी दावों को सपोर्ट करने वाला कोई भी सबूत अब तक सामने नहीं आया है, इसलिए एफबीआई या किसी भी दूसरी जांच एजेंसी के लिए क्रिप्टो क्वीन को खोज निकालना मुश्किल हो गया है।
रुजा इग्नाटोवा ने एक क्रिप्टो पोंजी स्कीम के माध्यम से दुनिया भर के निवेशकों को चूना लगाया था। इग्नाटोवा ने 2014 में अपनी कंपनी वनकॉइन लॉन्च की और उसमें निवेश के लिए निवेशकों को अपनी बातों में उलझाया। उसने निवेशकों को झूठे सपने दिखाए। इग्नाटोवा ने दावा किया कि उसके पास 3 मिलियन से अधिक निवेशक हैं और वनकॉइन जल्द ही कंपनी दुनिया में नंबर वन बन जाएगी। रुजा इग्नाटोवा निवेशकों को अपनी बातों और हुस्न के जाल में फंसाती थी। अमेरिका सहित कई देशों में उसका नेटवर्क था। जब उसकी सच्चाई सामने आने लगी और 2017 में अमेरिका में उसके खिलाफ वारंट जारी हुआ, तो वह गायब हो गई।
क्रिप्टो क्वीन रुजा इग्नाटोवा FBI की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल है। अमेरिकी जांच एजेंसी ने पहले उस पर 40 लाख डॉलर का इनाम रखा था, लेकिन 2024 में इसे बढ़ाकर 50 लाख कर दिया गया। FBI का कहना है कि रुजा इग्नाटोवा के जिंदा या मुर्दा होने की सटीक जानकारी देने वाले को यह इनाम दिया जाएगा। इग्नाटोवा ने लॉ की पढ़ाई की थी और वह एक नामी कंपनी में बड़े पद पर काम कर चुकी है। 2014 में उसने कुछ लोगों के साथ मिलकर निवेशकों का पैसा हड़पने के इरादे से वनकॉइन की स्थापना की। बताया जाता है कि रुजा इग्नाटोवा ने अपने पहचान वालों तक को नहीं छोड़ा, उन्हें भी धोखे से निवेश के लिए तैयार कर लिया। इस तरह वह लगभग 4 अरब डॉलर लेकर फरार हो गई।
Updated on:
23 Jan 2026 01:08 pm
Published on:
23 Jan 2026 01:01 pm
बड़ी खबरें
View Allकारोबार
ट्रेंडिंग
