
Gold Rate in India: देश के सर्राफा बाजारों में 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 90,000 रुपए के पार पहुंचने, अंतरराष्ट्रीय कीमत 3,000 डॉलर प्रति औंस के रेकॉर्ड उच्च स्तर पर जाने के बाद सोने की घरेलू मांग प्रभावित हो रही है। आभूषण उद्योग चिंतित है कि क्या इन ऊंची कीमतों पर मांग वापस आएगी, क्योंकि शादी का मौसम पहले ही शुरू हो चुका है। बुलियन रिसर्च फर्म मेटल फोकस के प्रधान सलाहकार चिराग सेठ ने कहा, मौजूदा उच्च कीमतों पर निम्न और मध्य वर्ग की पहुंच से सोना बाहर होता जा रहा है, जो मात्रा के हिसाब से सबसे बड़े खरीदार हैं।
IIM अहमदाबाद के इंडियन गोल्ड पॉलिसी सेंटर की ओर से कराए गए एक सर्वे के मुताबिक, 56% सोना ऐसे लोग खरीदते हैं, जिनकी सालाना आय 2 लाख से 10 लाख रुपए के बीच है। वर्ष 2022 से अब तक सोने की कीमत दोगुनी हो गई है, लेकिन इस आय वर्ग की बचत नहीं बढ़ी है, ऐसे में सोना खरीदने की उनकी क्षमता कम हुई है। कीमतों में तेजी के कारण गोल्ड ने पिछले 20 साल के हर टाइम-फ्रेम में इक्विटी से अधिक रिटर्न दिया है। वहीं पोर्टफोलियो में 20% सोना शामिल करने पर जोखिम (स्टैंडर्ड डेविएशन) घटा है और रिटर्न में इजाफा हुआ है।
आभूषण कारोबारी अब उच्च कीमत की स्थिति से निपटने की तैयारी कर रहे हैं। इंडियन बुलियन ज्वैलर्स एसोसिएशन (आइबीजेए) के राष्ट्रीय सचिव सुरेंद्र मेहता ने कहा, शादी-विवाह से जुड़ी मांग है, लेकिन कम कैरट और कम वजन के आभूषण की ओर झुकाव बढ़ा है। 14 कैरट से ऊपर की शुद्धता वाले गोल्ड ज्वैलरी की हॉलमॉर्किंग होती है। अब आइबीजेए ने सरकार से 9 कैरट सोने की हॉलमार्किंग की अनुमति मांगी है।
उद्योग के एक अधिकारी ने कहा कि इस समय सोने की कीमत ज्यादा है, जिसकी वजह से अधिक नकदी पाने के लिए लोग अपने सोने के सिक्के, बार और आभूषण बेचे जा रहे हैं। महंगाई और नकदी की जरूरत पूरी करने के लिए ऐसा किया जा रहा है। वल्र्ड गोल्ड काउंसिल के मुताबिक, 2023 की मार्च तिमाही में 34.8 टन पुराना सोना नकदी के लिए बेचा गया। मार्च 2024 तिमाही में 38.3 टन सोना बेचा गया और चल रही मार्च तिमाही में यह आंकड़ा 40 टन के पार हो सकता है।
सोना खरीदने से पहले सावधानी बरतना महत्वपूर्ण है क्योंकि यह एक मूल्यवान और संवेदनशील निवेश है। इसमें धोखाधड़ी और मिलावटी सोना, सोने की शुद्धता, रिसेलिंग की समस्याएं जैसे जोखिम जुड़े होते हैं।
Updated on:
18 Mar 2025, 10:07 AM IST
Published on:
18 Mar 2025, 10:06 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.